श्रीनगर , PAHAAD NEWS TEAM

उत्तराखंड विधानसभा चुनाव को एक महीना बाकी है. ऐसे में उत्तराखंड के मशहूर कॉमेडियन घनानंद ने पौड़ी विधानसभा सीट से अपना दावा पेश किया है. इस दौरान उन्होंने खुद को पौड़ी विधानसभा सीट से टिकट का पक्का दावेदार माना है।

घनानंद ने कहा कि वह पहले भी पौड़ी विधानसभा सीट से चुनाव लड़ चुके हैं। उस समय उन्हें बहुत कम अंतर से हार का सामना करना पड़ा था। लेकिन इस बार जनता उनके साथ है. वह विधायक बनकर जनता की सेवा करना चाहते हैं। आलाकमान अगर उन पर भरोसा करके उन्हें टिकट दे देता है तो वह पौड़ी विधानसभा सीट को एक बार फिर बीजेपी की झोली में डालने में कामयाब होंगे.

आपको बता दें कि बीजेपी की हाई पावर कमेटी इन दिनों विधानसभावार कार्यकर्ताओं की नब्ज चेक कर रही है. कार्यकर्ता अपने प्रत्याशी के नाम पर वोट डालकर पार्टी के सामने अपनी राय रख रहे हैं.

घनानंद ‘घन्ना’ कौन हैं? : घनानंद घन्ना उत्तराखंड के जाने-माने कॉमेडियन हैं। उनका जन्म 1953 में हुआ था। घनानंद को घन्ना भाई के नाम से जाना जाता है। उन्होंने कैंट बोर्ड लैंसडाउन जिला पौड़ी से शिक्षा प्राप्त की थी। घन्ना भाई ने 1970 में रामलीलाओं में नाटकों के माध्यम से अपनी कलात्मक यात्रा की। 1974 में, घनानंद ने रेडियो पर और फिर बाद में दूरदर्शन पर कार्यक्रम दिए। उन्होंने कई फिल्मों में भी काम किया है। इन फिल्मों में घरजवें, चक्रचाल, बेटी-ब्वारी, जीतू बगडवाल, सतमंगल्या, ब्वारी हो तानी को खूब पसंद किया गया था। इसके अलावा घनानंद ने घन्ना भाई एमबीबीएस, घन्ना गिरगिट और यमराज में भी बेहतरीन अभिनय किया।