हल्द्वानी, PAHAAD NEWS TEAM

उत्तराखंड विधानसभा चुनाव 2022 के लिए 14 फरवरी को वोटिंग है. नेता हर तरह से जनता को लुभाने की कोशिश कर रहे हैं. इसके लिए वे निर्धारित नियमों का उल्लंघन भी कर रहे हैं। हाल ही में कांग्रेस छोड़कर एआईएमआईएम में शामिल हुए मतीन सिद्दीकी को नोटिस जारी किया गया है। रिटर्निंग ऑफिसर हल्द्वानी रिचा सिंह ने आदर्श आचार संहिता और कोविड 19 के नियमों के उल्लंघन पर सिद्दीकी को नोटिस जारी किया है. रिटर्निंग ऑफिसर रिचा सिंह ने कहा मतीन सिद्दीकी द्वारा 24 जनवरी को उजाला नगर में टेंट लगाकर जनसभा को संबोधित किया गया ।

मतीन सिद्दीकी की जनसभा में 100 से ज्यादा लोग पहुंचे थे. इसे आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन माना गया। साथ ही कोविड 19 की गाइडलाइंस का भी पालन नहीं किया गया। जांच में सामने आया कि लोगों ने सोशल डिस्टेंस के साथ-साथ मास्क तक नहीं लगाया था। इसके अलावा धारा 144 का भी उल्लंघन किया गया है।

एआईएमआईएम के मतीन सिद्दीकी की रैली के पूरे कार्यक्रम का फेसबुक पर सीधा प्रसारण किया जा रहा था. पूरे मामले में फेसबुक वीडियो का संज्ञान लेते हुए चुनाव आयोग ने नोटिस जारी कर 27 जनवरी तक जवाब मांगा है. रिटर्निंग ऑफिसर ने कहा कि जवाब नहीं मिलने पर मुकदमा समेत अन्य कार्रवाई की जाएगी.