टिहरी , PAHAAD NEWS TEAM

गणतंत्र दिवस के अवसर पर टिहरी जिले के एयर मार्शल विजय पाल सिंह राणा को उनकी विशिष्ट सेवाओं के लिए राष्ट्रपति के सर्वोच्च सम्मान परम विशिष्ट सेवा पदक से सम्मानित किया गया है।

एयर मार्शल राणा भारतीय वायु सेना के प्रबंधकीय विंग के प्रमुख हैं। इससे पहले, एयर मार्शल राणा डायरेक्टर जनरल एडमिनिस्ट्रेशन, असिस्टेंट चीफ ऑफ एयर स्टाफ,और सीनियर एयर ऑफिसर इन चार्ज एडमिस्ट्रेशन भी रह चुके हैं। उन्होंने कारगिल युद्ध में वायु रक्षा रडार यूनिट की कमान संभाली थी और ऑपरेशन पराक्रम के दौरान भी उन्हें तैनात किया गया था। वह डिफेंस सर्विसेज स्टाफ कॉलेज वेलिंगटन और स्टाफ कॉलेज जांबिया में इंस्ट्रक्टर भी रहे ।

लगभग चार दशकों से काम कर रहे एयर मार्शल राणा ने वायु सेना में कई महत्वपूर्ण पदों पर रहकर अभूतपूर्व योगदान दिया है।
वह 31 जनवरी 2022 को वायुसेना से सेवानिवृत्त हो रहे हैं।
पिछले करीब दो साल से वायुसेना ने कोरोना महामारी की समस्या से निपटने में बेहद अहम भूमिका निभाई है। एयर मार्शल राणा को कोरोना से निपटने के लिए सभी गतिविधियों के लिए वायु सेना का मुख्य संयोजक बनाया गया था
उन्हें इससे पहले 2014 में राष्ट्रपति द्वारा विशिष्ट सेवा पदक से भी सम्मानित किया जा चुका है।
एयर मार्शल राणा इस पद पर पहुंचने वाले टिहरी जिले के पहले वायुसेना अधिकारी हैं।
वायु सेना में शामिल होने से पहले उन्होंने टिहरी, उत्तरकाशी, श्रीनगर और पंतनगर से अपनी पढ़ाई पूरी की थी । उन्होंने दो विषयों में परास्नातक और एम फिल के अलावा लोक प्रशासन और व्यवसाय प्रशासन में एमबीए भी किया है।