देहरादून, PAHAAD NEWS TEAM
भारतीय जनता पार्टी से कांग्रेस में शामिल हुए हरक सिंह रावत ने पूर्व सीएम त्रिवेंद्र सिंह रावत और विजय बहुगुणा पर जोरदार हमला बोला है. हरक सिंह रावत ने न केवल त्रिवेंद्र सिंह रावत के 4 साल के कार्यकाल पर सवाल उठाए, बल्कि विजय बहुगुणा को 2016 में कांग्रेस को तोड़ने का सूत्रधार बताया।
कांग्रेस में शामिल होते ही पूर्व मंत्री हरक सिंह रावत ने बीजेपी पर हमला तेज कर दिया है. इस बार हरक सिंह रावत ने विजय बहुगुणा और त्रिवेंद्र सिंह रावत पर निशाना साधा है. हरक सिंह रावत ने कहा कि त्रिवेंद्र सिंह रावत 4 साल से सरकार चलाने के दौरान पूरी तरह विफल रहे हैं और जनता ने भी उन्हें अपने क्षेत्र में सबक सिखाने का मन बना लिया था. चूंकि पार्टी आलाकमान को यह बात समझ में आ गई थी, इसलिए आलाकमान ने त्रिवेंद्र सिंह रावत को पत्र लिखकर चुनाव न लड़ने के लिए कहा।
जबकि पार्टी आलाकमान खुद त्रिवेंद्र सिंह रावत का टिकट काटने की तैयारी कर रहा था. हरक सिंह रावत ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने अपने कार्यकाल में ऐसा कोई काम नहीं किया जिससे हम कह सकते हैं कि प्रदेश में बीजेपी की सरकार बन सकती है.
हरक सिंह रावत के निशाने पर न सिर्फ त्रिवेंद्र सिंह रावत थे, बल्कि उन्होंने पूर्व सीएम विजय बहुगुणा को भी निशाने पर लिया था. हरक सिंह रावत ने कहा कि विजय बहुगुणा ने 2016 में कांग्रेस सरकार को तोड़ने के लिए कूट रचना की थी और सरकार को गिराने के पीछे विजय बहुगुणा का हाथ था। हरक सिंह रावत ने यह भी कहा कि विजय बहुगुणा कांग्रेस में आना चाहते हैं, लेकिन कांग्रेस अब उन्हें नहीं लेने वाली है. इसलिए मजबूर होकर उन्हें बीजेपी में रहना पड़ रहा है.

