देहरादून, PAHAAD NEWS TEAM
उत्तराखंड में कांग्रेस ने पार्टी उम्मीदवारों के खिलाफ बगावत करने वाले 5 नेताओं के खिलाफ कार्रवाई की है. पूर्व में बगावत करने वाले नेताओं के खिलाफ कांग्रेस की ओर से कार्रवाई की जा चुकी है, वहीं अब दूसरे चरण में 5 नेताओं को पार्टी से बाहर का रास्ता दिखाया गया है.
विधानसभा चुनाव 2022 को लेकर राजनीतिक दल इन दिनों चुनावी घमासान में लगे हुए हैं, इससे पहले पार्टियों ने विभिन्न विधानसभाओं में अपने उम्मीदवार उतारे थे। ऐसे में टिकट न मिलने से नाराज पार्टी के कई नेताओं ने बगावत कर दी थी और उन्होंने निर्दलीय के रूप में पर्चा भी भरा था. ऐसे बागी नेताओं पर पार्टी एक-एक कर कार्रवाई कर रही है, फिलहाल पार्टी ने ऐसे 5 नेताओं पर कार्रवाई करते हुए उन्हें 6 साल के लिए पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से निष्कासित कर दिया है.
ऐसे नेताओं की बात करें तो इसमें पूर्व विधायक भीम लाल आर्य का नाम शामिल है, जो हरीश रावत सरकार में बीजेपी छोड़कर कांग्रेस में शामिल हुए थे. लेकिन अब कांग्रेस में टिकट नहीं मिलने के बाद उन्होंने निर्दलीय के तौर पर फॉर्म भरा है. पार्टी के प्रदेश महासचिव संगठन मथुरा दत्त जोशी ने कहा कि भीम लाल आर्य के अलावा पार्टी ने अन्य 4 नेताओं पर भी कार्रवाई की है, जिसमें किरन डालाकोटी के खिलाफ कार्रवाई की गई है.
हरीश रावत के खिलाफ चुनाव लड़ रही संध्या डालाकोटी के पति हैं . इसके अलावा पार्टी ने ज्वालापुर सीट से पार्टी प्रत्याशी रवि बहादुर के खिलाफ मैदान में उतरे एसपी सिंह , बागेश्वर सीट से बाल किशन और भैरवनाथ टम्टा को भी पार्टी ने बाहर का रास्ता दिखाया है.

