टिहरी, PAHAAD NEWS TEAM
मतदान संपन्न होने के बाद टिहरी गढ़वाल जिले की 6 विधानसभाओं के 38 उम्मीदवारों का भविष्य ईवीएम में कैद हो गया है. अब 10 मार्च को ही मतगणना पर ही 6 विधानसभा नेताओं के नामों की घोषणा की जाएगी। मतगणना तक सभी प्रत्याशी अपने पक्ष में मतों को गुणा -भाग करने में लगे रहेंगे।
टिहरी जिले में 7 उम्मीदवार टिहरी सीट से, 6 नरेंद्रनगर सीट पर, 6 प्रतापनगर सीट से, 7 धनोल्टी सीट पर 7, घनसाली सीट से 7 और देवप्रयाग सीट से 5 उम्मीदवार मैदान में हैं. टिहरी सीट से भाजपा प्रत्याशी किशोर उपाध्याय, पूर्व मंत्री दिनेश धनै और सिटिंग विधायक रहे व कांग्रेस के प्रत्याशी डा.धन सिंह नेगी की साख दांव पर है। यूकेडी की उर्मिला महर और आप के त्रिलोक नेगी भी मैदान में हैं। नरेंद्रनगर में भाजपा प्रत्याशी मंत्री सुबोध उनियाल और कांग्रेस प्रत्याशी ओम गोपाल रावत की प्रतिष्ठा का भी सवाल है। आप की पुष्पा रावत, यूकेडी के सरदार सिंह पुंडीर, सीपीआई के जगदीश और उजपा के रणवीर सिंह भी मैदान में थे। प्रतापनगर सीट पर कांग्रेस के विक्रम सिंह नेगी और भाजपा के विजय पंवार के बीच एक बार फिर मुकाबला हैं। धनोल्टी में बीजेपी के बागी महावीर रांगड़ बीजेपी के प्रीतम पंवार और कांग्रेस के जोत सिंह बिष्ट के बीच कांटे की टक्कर में हैं. भाजपा के शक्ति लाल शाह, कांग्रेस के धनी शाह और कांग्रेस के बागी भीम लाल आर्य ने भी घनसाली सीट पर पूरा जोर दिखाया है. देवप्रयाग सीट से कांग्रेस मंत्री प्रसाद नैथानी, यूकेडी के दिवाकर भट्ट और भाजपा प्रत्याशी विनोद कंडारी की प्रतिष्ठा का भी सवाल है।

