उत्तरकाशी, PAHAAD NEWS TEAM

उत्तराखंड की पांचवीं विधानसभा के लिए वोटों की गिनती 10 मार्च को होगी. इसके बाद उत्तराखंड में पांचवीं निर्वाचित सरकार बनेगी. सरकार पांचवी होगी, लेकिन राज्य के दूर-दराज के इलाकों में सुविधाएं आज भी वैसी ही हैं जैसी आदम युग में थीं. इसका एक नमूना उत्तरकाशी में देखने को मिला।

सीमांत जिला उत्तरकाशी के विकासखंड के सुदूरवर्ती ग्राम मोरी प्रखंड के लोग विकास से कोसों दूर हैं. मूलभूत सुविधाओं के अभाव में आज भी यहां के लोगों को मुश्किलों का सामना करना पड़ता है। सबसे बड़ी समस्या तब हुई जब गांव का एक व्यक्ति बीमार पड़ गया। गांव में स्वास्थ्य सुविधा नहीं होने के कारण लोगों को मीलों पैदल चलना पड़ रहा है। वहीं, वर्षों से पैदल यात्रा करना ग्रामीणों की नियति बन गई है।

मोरी प्रखंड के सुदूर ओसला गांव में 58 वर्षीय कृपा सिंह पिछले कुछ दिनों से बीमार चल रहे थे. सोमवार को कृपा सिंह की हालत गंभीर हो गई।जिसके बाद सोमवार की रात को ग्रामीणों ने बीमार को सड़क मार्ग तक पहुंचाने के लिए लकड़ी की डंडी-कंडी तैयार की . मंगलवार की सुबह, ग्रामीण बीमार बुजुर्ग को बर्फीले रास्ते से तालुका ले गए। 16 किलोमीटर लंबे बर्फीले रास्ते में कई जगह ग्रामीण बर्फ में फिसल कर बाल-बाल बचे. ग्रामीणों ने बताया कि तालुका से ओसला तक का पूरा रास्ता बर्फ से ढका हुआ है. मंगलवार तड़के शुरू होने के बाद भी तालुका तक पहुंचने में छह घंटे से अधिक समय लगा।

बता दें कि ओसला समेत ढाटमीर, पवाणी और गंगाड गांव आज भी सड़क सुविधाओं से वंचित हैं. इसके अलावा इन गांवों में संचार, स्वास्थ्य और शिक्षा की समुचित व्यवस्था नहीं है। सड़क की सुविधा और स्वास्थ्य सुविधाएं होती तो एक सप्ताह पहले ही ग्रामीण को इलाज दिया जा सकता था। इलाज न मिलने से ग्रामीण की हालत गंभीर हो गई, जिसके बाद ग्रामीणों ने उन्हें डंडी-कंडी के सहारे सड़क पर ले जाने का फैसला किया. जिसके बाद वह बीमार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पुरोला ले गए। उधर, बीमार बुजुर्ग की हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उसे देहरादून रेफर कर दिया.