पिथौरागढ़ , PAHAAD NEWS TEAM
मारपीट में गंभीर रूप से घायल भैसूड़ी गांव के रामी राम (44) की बरेली में इलाज के दौरान मौत हो गयी. इस मामले में मृतक के परिजनों ने भाजपा समर्थकों पर हत्या का आरोप लगाया है. साथ ही आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने पर हिंसक आंदोलन की चेतावनी दी है. कैबिनेट मंत्री बिशन सिंह चुफाल ने निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए इसे भाजपा की छवि खराब करने का प्रयास बताया है। वहीं, राजस्व पुलिस ने इस मामले में चार लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है. साथ ही मामले की जांच की जा रही है।
मृतक के परिजनों का कहना है कि 13 फरवरी की देर रात रामी राम को कुछ भाजपा कार्यकर्ताओं ने बुलाया और पीटा, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया. डीडीहाट अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद उसे हायर सेंटर बरेली रेफर कर दिया गया, जहां 16 फरवरी को उसकी मौत हो गई। मृतक के परिजनों ने मामले की उच्च स्तरीय जांच और आरोपी की जल्द से जल्द गिरफ्तारी की मांग की है.
मामले में डीडीहाट की नायब तहसीलदार मनीषा बिष्ट का कहना है कि मामले में चार आरोपियों के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है. मामले की जांच के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी। उधर, डीडीहाट विधायक और कैबिनेट मंत्री बिशन सिंह चुफाल का कहना है कि मामले में भाजपा की छवि खराब करने की कोशिश की जा रही है. मामले को गंभीरता से लेते हुए राजस्व पुलिस सख्त कार्रवाई करे।

