मसूरी , PAHAAD NEWS TEAM

नगर परिषद मसूरी के सभागार में हिलदारी संस्था के तत्वावधान में कंपोस्ट प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन किया गया, ताकि नगर स्तर पर कूड़ा करकट का निस्तारण कर उसे खाद के रूप में प्रयोग किया जा सके और नगर पालिका की आर्थिक बचत को बचाया जा सके. इस मौके पर नगर अध्यक्ष अनुज गुप्ता ने कहा कि नगर पालिका मसूरी की सफाई को लेकर काफी गंभीर है और इसके लिए कई संस्थाएं काम कर रही हैं, जिसमें हिलदारी, कीन का विशेष सहयोग है. और इसी के चलते आज उत्तराखंड में स्वच्छता सर्वेक्षण में मसूरी पहले स्थान पर आ गया है, जिसके बाद यह जिम्मेदारी और बढ़ गई है कि शहर को कैसे साफ रखा जाए ताकि पहली रैंकिंग बरकरार रखी जा सके.

ज्योति माफसेकर ने प्रोजेक्टर के माध्यम से मुंबई को स्वच्छ बनाने में खाद के योगदान की जानकारी दी। उन्होंने वर्कशॉप में बताया कि अगर आपके घर के गीले कचरे को घर पर ही कंपोस्ट कर खाद बनाये तो इससे शहर को कचरा मुक्त कर देगा, वहीं इससे बनी जैविक खाद से हरियाली लाने और पौधे उगाने में मदद मिलेगी. उन्होंने बताया कि उनका संगठन पिछले 50 वर्षों से मुंबई में स्वच्छता व्यवस्था में काम कर रहा है, इसके तहत मसूरी में पदाधिकारियों और होटल एसोसिएशन के सदस्यों सहित सामाजिक संगठनों के साथ कार्यशालाओं का आयोजन किया गया और उन्हें कचरा निपटान के बारे में सूचित किया गया. उन्होंने कहा कि मसूरी में देश-विदेश से लाखों पर्यटक आते हैं, इसलिए यहां साफ-सफाई की व्यवस्था करना बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि अगर आपके घर या होटल या संस्थान में गीले कचरे से खाद बनाई जाए तो शहर गंदगी मुक्त हो सकता है और इससे आर्थिक लाभ भी होगा।

कार्यशाला में हिलदारी के परियोजना प्रबंधक अरविंद शुक्ला ने बताया कि शहर को स्वच्छ बनाने के लिए उनका संगठन तीन साल से लगातार काम कर रहा है. उन्होंने कहा कि मसूरी में दो होटलों अजय होटल और विष्णु पैलेस ने खाद के गड्ढे बनाए हैं, जिसका लाभ उन्हें मिल रहा है और अब कूड़ा वहां नहीं जा रहा है, अगर सभी होटल वाले अपने यहां इस तरह के पिट बनायेगे तो शहर का कूड़ा यही पर निस्तारित होगा और इससे पालिका को साल में करीब पचास हजार का लाभ होगा । क्योंकि यहां का कूड़ा देहरादून के शीशमबाड़ा में जाता है और वहां सुधार किया जाता है, जिसमें नगर पालिका को काफी खर्च करना पड़ता है। इसी तरह अगर लोग घरों में छोटे पैमाने पर गीले कचरे से कम्पोस्ट खाद बनाएंगे तो यह खाद शहर के स्वच्छ रहने के साथ-साथ उपयोगी भी होगी. साथ ही शहर में लगातार जागरूकता अभियान चलाए जा रहे हैं ताकि लोग इस पर ध्यान दें और शहर को कचरा मुक्त बनाने में अपना समर्थन दें।

नगर अध्यक्ष अनुज गुप्ता ने ज्योति और अलका को शाल देकर सम्मानित किया। मसूरी में पहला होटल अजय ने अपने इलाके में कंपोस्ट पिट बनाया था। मसूरी होटल एसोसिएशन के अध्यक्ष संजय अग्रवाल ने अजीज रमोला को शॉल भेंट कर सम्मानित किया। वहीं विष्णु पैलेस होटल के मालिक आशीष गोयल को नगर स्वास्थ्य अधिकारी आभास सिंह ने शॉल पहनाकर सम्मानित किया. इस मौके पर उन्होंने अपने अनुभव भी साझा किए और लोगों को इसके लिए प्रोत्साहित किया.

इस अवसर पर राजश्री रावत, अभिलाष ने भी अपने विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम में होटल एसोसिएशन के अध्यक्ष संजय अग्रवाल ने सभी से शहर की सफाई में योगदान देने की अपील की. कार्यक्रम में होटल एसोसिएशन के महासचिव अजय भार्गव, दीपक गुप्ता, रूबीना अंजुम, समेत विभिन्न होटलों व सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि शामिल हुए.