जोशीमठ, PAHAAD NEWS TEAM

बद्रीनाथ विधानसभा के नवनिर्वाचित विधायक पूर्व कैबिनेट मंत्री राजेन्द्र भण्डारी ने कहा कि जोशीमठ प्रखंड ने उनकी जीत सुनिश्चित करने में अहम भूमिका निभाई है, माइग्रेशन वाले बूथों की गिनती के साथ वे जोशीमठ से अच्छे मतों से आगे रहे हैं, इसके लिए जोशीमठ के लोगों का आभार. .

भण्डारी यहां जीत दर्ज कर मतदाताओं का शुक्रिया अदा करने आए थे। पूर्व मंत्री के जोशीमठ पहुंचते ही कार्यकर्ताओं ने विजय जुलूस निकाला।

अपने संबोधन में नवनिर्वाचित विधायक भण्डारी ने कहा कि बद्रीनाथ विधानसभा के लोगों में कांग्रेस को जिताने का जज्बा था , कार्यकर्ताओं ने तय कर लिया था कि भाजपा कितनी भी ताकत का इस्तेमाल करे, जिताएंगे राजेंद्र भण्डारी को ही औऱ जोशीमठ की माताओं, बहिनों, युवा साथियों ने यह कर दिखाया ।

भण्डारी ने विशाल जनसमूह को आश्वासन दिया कि एक विधायक के बल पर जितना काम हो सकेगा, वह दोगुना करेंगे। बद्रीनाथ विधानसभा के पीड़ित और विकास से वंचित लोगों को निराश नहीं होने दिया जाएगा.

पूर्व मंत्री ने अपनी प्राथमिकता बताते हुए कहा कि राजीव गांधी आवासीय विद्यालय को पूर्ववत शुरू किया जाना चाहिए गणाई मोटर मार्ग का शीघ्र निर्माण कराने, पॉलिटेक्निक ढाक में समाप्त किये गए ट्रेड को पुनः शुरू करने, उर्गम सड़क का डामरीकरण व सुधारीकरण करने, चिनाप वैली को पर्यटन व ट्रैकिंग की दॄष्टि से विकसित करने तथा विश्व विख्यात हिमक्रीड़ा केन्द्र औली का सर्वांगीण विकास होने का आश्वासन दिया।

नवनिर्वाचित विधायक को उम्मीद थी कि जोशीमठ नगर पालिका के अध्यक्ष पिछले वर्षों की तरह इस वर्ष से फिर से शरदोत्सव का आयोजन शुरू करेंगे।

जनसभा व विजय जुलूस में प्रखंड कांग्रेस अध्यक्ष रीश भण्डारी, नगर अध्यक्ष रोहित परमार, नगर पालिका अध्यक्ष शैलेन्द्र पंवार, ब्लॉक प्रमुख हरीश परमार, जिला पंचायत सदस्य सूरज सैलानी, पूर्व प्रमुख ठाकुर सिंह राणा, महिला कांग्रेस की जिलाध्यक्ष देवेश्वरी साह, पूर्व वेदपाठी कुशलानंद बहुगुणा, मीना डिमरी, पूर्व ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष रामेश्वर थपलियाल और बड़ी संख्या में गांव के लोग मौजूद थे.