हल्द्वानी , PAHAAD NEWS TEAM

उत्तराखंड आंचल डेयरी ने दुग्ध उत्पादों के क्षेत्र में पूरे राज्य में अपनी पहचान बनाई है. इसके तहत अब आंचल ब्रांड की आइसक्रीम और लस्सी को बाजार में उतारने की तैयारी की जा रही है। जिससे आंचल डेयरी से जुड़े दुग्ध उत्पादकों की आर्थिक मजबूती के साथ-साथ डेयरी के राजस्व में वृद्धि होगी।

नैनीताल दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ, आंचल डेयरी के अध्यक्ष मुकेश बोरा ने कहा कि बाजार में दूध, दही, घी, मट्ठा, योगट , सहित दूध से बने कई उत्पाद उपलब्ध हैं. उत्तराखंड पर्यटन राज्य होने के कारण यहां बड़ी संख्या में पर्यटक आते हैं। ऐसे में पर्यटकों को आंचल ब्रांड की आइसक्रीम और लस्सी उपलब्ध कराई जाएगी, जिसका उत्पादन शुरू होने जा रहा है। उन्होंने बताया कि अप्रैल के पहले सप्ताह में आंचल आइसक्रीम और लस्सी बाजार में उतारी जाएगी.

जिसका मकसद उपभोक्ताओं को अच्छी क्वालिटी की लस्सी और आइसक्रीम उपलब्ध कराना है. मुकेश बोरा ने कहा कि पहले चरण में उत्तराखंड के पर्यटन स्थलों को इसकी आपूर्ति की जाएगी. उत्पादन मांग के अनुसार किया जाएगा और उत्तराखंड के साथ-साथ अन्य राज्यों को भी आपूर्ति की जाएगी। उन्होंने कहा कि आंचल डेयरी से जुड़े दुग्ध उत्पादकों की आय कैसे बढ़ाई जाए, इसका अध्ययन कर अन्य उत्पादों को बाजार में उतारने का काम किया जाएगा. जिससे आंचल डेयरी की आमदनी में भी इजाफा हो सकता है।