देहरादून , PAHAAD NEWS TEAM
पुष्कर सिंह धामी को एक बार फिर उत्तराखंड की कमान सौंपी गई है. सोमवार शाम को विधायक दल की बैठक में उन्हें नेता चुना गया है। जिसके बाद पुष्कर धामी ने कहा कि सबसे पहले उन्होंने पीएम मोदी का शुक्रिया अदा किया. उन्होंने कहा, ‘मैं पीएम नरेंद्र मोदी को मुझ पर विश्वास करने और 5 साल तक उत्तराखंड के सीएम के रूप में सेवा करने का मौका देने के लिए धन्यवाद देना चाहता हूं।’ इसके साथ ही पुष्कर धामी ने एक बार फिर प्रदेश में यूनिफॉर्म सिविल कोड लागू करने की प्रतिबद्धता जताई। उन्होंने कहा कि हम राज्य में समान नागरिक संहिता को लागू करने सहित सभी वादों को पूरा करेंगे.
चुनाव से पहले पुष्कर सिंह धामी ने समान नागरिक संहिता की वकालत की थी। उन्होंने राज्य में फिर से भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनने पर समान नागरिक संहिता को लागू करने की दिशा में काम शुरू करने की घोषणा की थी। भारतीय जनता पार्टी के एजेंडे में समान नागरिक संहिता एक महत्वपूर्ण मुद्दा रहा है। जिसके बाद उत्तराखंड में इसको लेकर काफी बहस हुई थी। चुनाव हारने के बाद भी धामी ने कहा था कि वह मुख्यमंत्री बने या नहीं, भाजपा सरकार राज्य में यूनिफॉर्म सिविल कोड लागू करेगी। पुष्कर सिंह धामी ने एक बार फिर अपनी बात दोहराई है.
धामी ने क्या कहा था: पुष्कर सिंह धामी ने कहा था कि नई भारतीय जनता पार्टी के शपथ ग्रहण के तुरंत बाद राज्य में समान नागरिक संहिता का मसौदा तैयार करने के लिए एक समिति का गठन किया जाएगा. कमेटी सभी मुद्दों पर चर्चा करेगी। समान नागरिक संहिता के तहत सभी लोगों को विवाह, तलाक, भूमि, संपत्ति और विरासत के संबंध में समान कानून व्यवस्था का लाभ मिलेगा। इसका धर्म या आस्था से कोई लेना-देना नहीं होगा।
‘यह घोषणा हमारी पार्टी का संकल्प है’: पुष्कर सिंह धामी ने कहा था कि हम जो घोषणा कर रहे हैं वह हमारी पार्टी का संकल्प है. भाजपा की नई सरकार बनते ही इसे पूरा कर लिया जाएगा। उन्होंने कहा था कि ‘देवभूमि’ की संस्कृति और विरासत को अक्षुण्ण रखना हमारा परम कर्तव्य है। हम इसके लिए प्रतिबद्ध हैं।

