देहरादून, पहाड़ समाचार
सौरभ बहुगुणा ने धामी सरकार के सबसे युवा मंत्री के रूप में शपथ ली है. 39 वर्षीय सौरभ बहुगुणा ने कैबिनेट मंत्री बनने के बाद अपनी प्राथमिकताओं को गिनाया। सौरभ ने कहा कि अपने दादा और पिता की तरह अब नई जिम्मेदारी मिलने के बाद वह और भी मजबूती से जनता की सेवा करेंगे. आपको बता दें, टीम धामी के सबसे युवा मंत्री सौरव बहुगुणा पूर्व मुख्यमंत्री विजय बहुगुणा के बेटे और यूपी के पूर्व सीएम हेमवती नंदन बहुगुणा के पोते हैं। सौरभ सितारगंज विधानसभा से लगातार दूसरी बार निर्वाचित हुए हैं।
पहाड़ न्यूज से खास बातचीत में सौरभ बहुगुणा ने कहा कि पार्टी आलाकमान ने जिस तरह उन्हें जिम्मेदारी दी है, उस पर विश्वास करते हुए वह उस जिम्मेदारी को पूरी तरह से निभाएंगे. उन्होंने कहा कि भाजपा युवाओं को प्रमुखता दे रही है और सरकार के इस फैसले में उसकी छवि नजर आ रही है. वहीं मंत्रालय के सवाल पर सौरभ ने कहा कि पार्टी जो भी मंत्रालय उनके लिए उपयुक्त समझेगी, वह उसे संभालने की कोशिश करेंगे और राज्य की जनता के लिए काम करेंगे.
वहीं अपने बेटे के कैबिनेट में चुने जाने के बाद विजय बहुगुणा बेहद खुश नजर आए. उन्होंने कहा कि यह दिन उनके लिए बेहद खास है। सौरभ कैबिनेट मंत्री बनकर वह बहुत अच्छा काम करेंगे। वह खुद सौरभ के साथ काम पर नजर रखेंगे। उन्हें उम्मीद है कि वह अपने मंत्रालय को अच्छे से चलाएंगे।
गौरतलब है कि सितारगंज से लगातार दूसरी बार विधायक बने सौरभ बहुगुणा पूर्व मुख्यमंत्री विजय बहुगुणा के छोटे बेटे हैं. उनका जन्म 13 नवंबर 1978 को इलाहाबाद में हुआ था। उन्होंने अपनी प्रारंभिक शिक्षा इलाहाबाद से और उच्च शिक्षा दिल्ली विश्वविद्यालय से की। उन्हें खेलों का बहुत शौक है और उन्होंने कई खेलों में भाग लिया है।

