देहरादून , PAHAAD NEWS TEAM
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज सचिवालय में चारधाम यात्रा 2022 की तैयारियों को लेकर बैठक की. बैठक में पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज, मुख्य सचिव एसएस संधु, पर्यटन विभाग के अधिकारी व चारों धामों के विधायक भी मौजूद रहे. . इसके साथ ही चारों जिलों के डीएम, एसएसपी, एसपी को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए जोड़ा गया. बैठक में सुगम यात्रा और यात्रियों की सुविधा की तैयारियों पर चर्चा हुई। 3 मई से चारधाम यात्रा शुरू होने जा रही है.
बैठक के बाद सीएम पुष्कर सिंह धामी ने मीडिया से कहा कि जिस तरह से राज्य पिछले दो साल से कोविड-19 के संकटों से घिरा हुआ है. ऐसे में राज्य के लोगों की उम्मीदों का बढ़ना भी स्वाभाविक है. सीएम धामी ने कहा कि अब सरकार का पूरा फोकस चारधाम यात्रा पर है. उन्होंने राज्य की जनता को आश्वासन दिया है कि चारधाम यात्रा को लेकर सरकार की ओर से सभी इंतजाम किए जाएंगे. राज्य सरकार पूरी कोशिश करेगी कि किसी भी भक्त को यात्रा में कोई परेशानी न हो और यात्रा मार्गों पर सभी व्यवस्थाएं की जाएं।
3 मई से शुरू हो रही है यात्रा : इस साल यानि 2022 में उत्तराखंड की चारधाम यात्रा 3 मई से शुरू होने जा रही है. 3 मई को अक्षय तृतीया के दिन मां यमुनोत्री और मां गंगोत्री के कपाट श्रद्धालुओं के दर्शन के लिए खुलेंगे । चारधाम में से दो, यमुनोत्री और गंगोत्री उत्तरकाशी जिले में स्थित हैं। इसके साथ ही बारहवें ज्योतिर्लिंगों में से एक केदारनाथ धाम के कपाट इस बार 6 मई को खुलेंगे। इसके अलावा देश के चार धामों में से एक बद्रीनाथ धाम के कपाट इस बार 8 मई को खुलेंगे. अलकनंदा नदी के तट पर स्थित बद्रीनाथ धाम को मोक्षधाम भी कहा जाता है। भगवान विष्णु के इस धाम को लेकर भक्तों में काफी श्रद्धा है।
2 मई को केदारनाथ धाम के लिए रवाना होगी डोली: केदारनाथ धाम के कपाट खुलने की तिथि व समय के साथ ही बाबा के पंचमुखी उत्सव डोली के केदारनाथ के लिए प्रस्थान का कार्यक्रम भी घोषित कर दिया गया है. उत्सव डोली 2 मई को ओंकारेश्वर मंदिर ऊखीमठ से केदारनाथ धाम के लिए प्रस्थान करेगी। धाम के रावल भीमाशंकर लिंग ने बताया कि 1 मई को केदारनाथ धाम के रक्षक भुकुंट भैरव (भैरवनाथ ) की पूजा ओंकारेश्वर मंदिर में की जाएगी।
GMVN Guest House Full: वहीं, 2 साल से कोरोना से जूझ रहे पर्यटन व्यवसायियों के लिए अच्छी खबर यह है कि अब से चारधाम यात्रा के लिए बुकिंग आनी शुरू हो गई है। चारधाम यात्रा मार्गों और धामों पर पड़ने वाले जीएमवीएन के गेस्ट हाउस में करीब 80 से 100 प्रतिशत बुकिंग हो चुकी है। देहरादून, ऋषिकेश और हरिद्वार की टूर एंड ट्रैवल एजेंसियों को भी वाहनों की बुकिंग मिलनी शुरू हो गई है। यात्रियों की अच्छी प्रतिक्रिया से पर्यटन व्यवसायी भी काफी खुश हैं।

