देहरादून , PAHAAD NEWS TEAM

गुरुवार को मुख्य सचिव डॉ. एस. एस. संधु ने सचिवालय में उत्तराखंड में नए पार्किंग क्षेत्र विकसित करने को लेकर सभी जिलाधिकारियों के साथ वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए बैठक की. मुख्य सचिव ने कहा कि उत्तराखंड जैसे पहाड़ी राज्यों में पार्किंग एक बड़ी समस्या है. उन्होंने अधिकारियों को अगले एक साल के भीतर राज्य में पार्किंग स्थल विकसित करने के निर्देश दिए. उन्होंने कहा कि अपने-अपने जिलों में भौगोलिक स्थिति के अनुसार भूतल पार्किंग, मल्टीलेवल पार्किंग और कैविटी पार्किंग के स्थानों की पहचान की जाए. साथ ही उनकी प्राथमिकता भी सुनिश्चित की जाए ताकि जिन जगहों पर पार्किंग की समस्या बड़ी है, उन पर सबसे पहले फोकस किया जाए।

मुख्य सचिव ने कहा कि रेल विकास निगम लिमिटेड सुरंग निर्माण के क्षेत्र में बहुत अच्छा कार्य कर रहा है. नॉर्वे की टनल तकनीक से आरवीएनएल 5 दिनों में एक किलोमीटर की टनल बना रहा है। इसमें आरवीएनएल को भी शामिल किया जा सकता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि चारधाम यात्रा रोड पर भी अधिक से अधिक पार्किंग स्थलों की व्यवस्था की जाए. इसके प्रत्येक कार्य के लिए समय सीमा निर्धारित करते हुए मुख्य सचिव द्वारा साप्ताहिक मॉनिटरिंग की जाए।

बैठक के दौरान सचिव शैलेश बगोली ने बताया कि पिछले एक साल में प्रदेश में विभिन्न प्रकार की पार्किंग के लिए 27 स्थलों की पहचान की गई है, जिनकी कार्रवाई विभिन्न स्तरों पर जारी है.

इस अवसर पर प्रमुख सचिव आर. के. सुधांशु, सचिव बृजेश कुमार संत सहित वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से सभी जिलों के जिलाधिकारी एवं अन्य उच्चाधिकारी मौजूद रहे.