मसूरी , PAHAAD NEWS TEAM
एमडीडीए (मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण) तीन करोड़ रुपये की लागत से मसूरी माल रोड का सौंदर्यीकरण करेगा . मुख्य सचिव एसएस संधू ने मसूरी देहरादून विकास प्राधिकरण को मसूरी के सौंदर्यीकरण के निर्देश दिए हैं। वहीं जल निगम को भी माल रोड मसूरी यमुना पेयजल योजना के तहत किए गए कार्यों को जल्द से जल्द पूरा करने का निर्देश दिए गए है.
बता दें कि अप्रैल के अंत तक मसूरी में पर्यटन सीजन शुरू हो जाएगा और ऐसे में संबंधित विभागों के अधिकारियों ने मसूरी की सभी सुविधाओं की मरम्मत का काम शुरू कर दिया है. वहीं हाल ही में गणेश जोशी ने भी मसूरी माल रोड का निरीक्षण किया था और अधिकारियों को निर्देश दिए थे कि पर्यटन सीजन शुरू होने से पहले सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त कर ली जाएं.
मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण के सचिव मोहन सिंह बर्निया ने बताया कि हाल ही में मुख्य सचिव एसएस संधू की अध्यक्षता में हुई बैठक के बाद एमडीडीए द्वारा दो किलोमीटर मॉल रोड के सौंदर्यीकरण के लिए 3 करोड़ रुपये का प्रस्ताव पारित किया गया है. जिसके तहत मसूरी माल रोड के सौंदर्यीकरण के लिए विभिन्न योजनाओं के तहत कार्य किया जाएगा। मसूरी में पूर्व में लगे एंटीक लैम्पपोस्ट, हवा घर वॉल पेंटिंग आदि को सुशोभित करने का कार्य किया जाएगा।
वहीं, मोहन सिंह बर्निया ने कहा कि माल रोड में रेलिंग स्ट्रीट लाइटों के साथ-साथ हवाई घरों का भी सौंदर्यीकरण किया जाना है. जिसके रखरखाव की जिम्मेदारी भी मसूरी देहरादून विकास प्राधिकरण की होगी। साथ ही मसूरी माल रोड को बेहतरीन तरीके से सजाया जाएगा। उन्होंने कहा कि मसूरी माल रोड पर्यटकों के आकर्षण का केंद्र है और पर्यटक माल रोड पर घूमना पसंद करते हैं। इसके लिए माल रोड के सौंदर्यीकरण का काम शुरू कर दिया गया है।

