मसूरी , PAHAAD NEWS TEAM
वीकेंड पर पर्यटकों की भीड़ बढ़ने से पहाड़ों की रानी मसूरी में भी अवैध वसूली का धंधा शुरू हो गया है. जी हाँ, कुछ दिन पहले सर जॉर्ज एवरेस्ट में पर्यटन विभाग द्वारा लगाए गए बैरियर पर अवैध वसूली का मामला सामने आया था. वहीं नगर पालिका स्थित टाउन हाल की पार्किंग में पर्यटकों से मनचाहा पैसा लेकर अवैध वसूली की जा रही है.
दरअसल, पर्यटकों से शिकायत मिली थी कि टाउन हॉल की पार्किंग पर अवैध वसूली की जा रही है. बताया गया है कि उनसे एक दिन के लिए 300 से 600 रुपये लिए जा रहे हैं और उनकी पर्ची भी नहीं दी जा रही है. जिस पर हम टाउन हॉल की पार्किंग में पहुंचे तो पर्यटकों की बात सही निकली। वहां पार्किंग का पैसा ले रहे युवकों ने बताया कि टाउन हाल बनवाने वाले ठेकेदार प्रवेश पंत ने उनसे पार्किंग चलाने को कहा है. साथ ही उन्होंने बताया कि वह एक-एक गाड़ी से 200 रुपये ले रहे हैं और अपनी पर्ची भी नहीं दे रहे हैं. इस तरह पर्यटन नगरी मसूरी की भी छवि धूमिल हो रही है।
इतना ही नहीं, सवाल उठता है कि अगर पार्किंग में कोई अप्रिय घटना होती है तो इसकी जिम्मेदारी किसकी होगी? वहीं पर्यटकों से जो अवैध वसूली की जा रही है, वह पैसा किसकी जेब में जा रहा है।
गौरतलब है कि टाउन हॉल की पार्किंग मसूरी देहरादून विकास प्राधिकरण के पास है और अभी तक इस पार्किंग के लिए टेंडर नहीं हुआ है. इतना ही नहीं प्रशासन ने यह पार्किंग व्यवस्था के लिए भी किसी को अधिकारिक तौर पर नहीं दी है। बावजूद इसके यहां पार्किंग संचालित की जा रही है, जो पूरी तरह से अवैध है।
इस संबंध में मसूरी देहरादून विकास प्राधिकरण के सहायक अभियंता सुधीर गुप्ता का कहना है कि यह पार्किंग अभी तक प्राधिकरण की ओर से किसी को नहीं दी गई है. अगर कोई बिना अनुमति के पार्किंग चला रहा है तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

