देहरादून , PAHAAD NEWS TEAM
मुख्य सचिव डॉ. एस. एस. संधु ने सचिवालय में लोक निर्माण विभाग के तहत सोमवार को केदारनाथ पुनर्निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा की. उन्होंने पुनर्निर्माण कार्यों में तेजी लाने के लिए जेई व एई की तैनाती के सख्त निर्देश देते हुए ज्वाइन नहीं करने वाले अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई करने के निर्देश दिए. उन्होंने कहा कि अगले 6, 7 महीनों में केदारनाथ में कई निर्माण कार्य होने हैं, जिसकी खुद प्रधानमंत्री लगातार समीक्षा कर रहे हैं.
उन्होंने निर्देश दिए कि श्रमिकों को रहने और खाने की समस्या का सामना न करना पड़े, इसका विशेष ध्यान रखा जाए, साथ ही उनके बिलों का भुगतान समय पर किया जाए. उन्होंने सामग्री की आपूर्ति और भंडारण की उचित व्यवस्था करने के भी निर्देश दिए।
मुख्य सचिव ने कहा कि कर्मचारियों की संख्या बढ़ाई जाए, साथ ही लक्ष्य भी बढ़ाया जाए ताकि सभी काम समय पर पूरे हो सकें. इसके साथ ही मुख्य सचिव ने अध्यक्ष ब्रिडकुल आर. के. सुधांशु को निर्देश दिए कि सुरक्षा की दृष्टि से प्रदेश में स्थापित सभी रोपवे का हर छह माह में निरीक्षण किया जाए.
इस अवसर पर प्रमुख सचिव आर के सुधांशु एवं सचिव दिलीप जावलकर सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।

