नई दिल्ली, PAHAAD NEWS TEAM
उत्तराखंड के वित्त, शहरी विकास और आवास, विधायी और संसदीय कार्य, पुनर्गठन और जनगणना मंत्री प्रेम चंद अग्रवाल ने नई दिल्ली में निर्माणाधीन भवन ‘उत्तराखंड निवास’ का निरीक्षण किया।
उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य गुणवत्ता को बनाए रखते हुए निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा करना सुनिश्चित किया जाए. कैबिनेट मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल ने उत्तराखंड आवास का नक्शा देखते हुए भवन के सभी प्रावधानों की विस्तृत जानकारी ली. इसके अलावा निर्माणाधीन भवन में वाहनों की पार्किंग व्यवस्था की भी जानकारी ली।
उल्लेखनीय है कि उत्तराखंड निवास का कार्य जून 2020 से 3 गोपीनाथ बारदोलाई मार्ग, चाणक्यपुरी नई दिल्ली में शुरू किया गया था। भवन में तीन बेसमेंट होंगे। भवन में भूतल सहित कुल सात मंजिलों का निर्माण किया जाएगा। भवन का निर्माण उत्तराखंड स्थापत्य शैली में किया जाएगा। ग्रीन भवन की तर्ज पर बन रहे इस भवन का अपना सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट होगा। इमारत में 50 किलोवाट क्षमता का सौर ऊर्जा संयंत्र भी है। उत्तराखंड निवास का निर्माण कार्य 2023 तक पूरा कर लिया जाएगा।
इस अवसर पर स्थानीय आयुक्त डॉ0 वी0वी0आर0सी0 पुरूषोत्तम व उत्तराखण्ड पेयजल निगम के सहायक अभियन्ता अरविन्द सैनी उपस्थित थे।

