उत्तरकाशी, PAHAAD NEWS TEAM
मुखेम रेंज के बोंगा और भेलूडा गांव में गुलदार की दस्तक से स्थानीय लोग दहशत में हैं. ग्रामीणों ने गेहूं के खेतों में दो गुलदार देखे, जिसके बाद लोगों का घर से निकलना मुश्किल हो गया है. वहीं, ग्रामीणों ने जिला प्रशासन और वन विभाग से गुलदार को जल्द से जल्द पकड़ने की मांग की है. वहीं, वन विभाग (उत्तरकाशी वन विभाग) की टीम ने इलाके में गश्त बढ़ा दी है.
बता दें कि मुखेम रेंज के बोंगा और भेलूडा गांव में पिछले कई दिनों से गुलदार का दहशत है. ग्रामीणों के अनुसार पहले एक गुलदार दिखा , लेकिन अब दो और तीन गुलदार गांव के आसपास और खेतों में लगातार नजर आ रहे हैं. गुलदार की चहलकदमी से ग्रामीण अपने घरों में भी सुरक्षित महसूस नहीं कर पा रहे हैं। इन दिनों गांव में गेहूं की फसल की कटाई का काम चल रहा है। गुलदार को कई बार खेतों में देखा गया है. ऐसे में ग्रामीणों में भय का माहौल है।
इतना ही नहीं ग्रामीण खेतों में गेहूं की कटाई का काम भी नहीं कर पा रहे हैं. वहीं वन विभाग के जवान लगातार गांव के आसपास गश्त कर रहे हैं और लोगों से सतर्क रहने को कह रहे हैं. रेंज अधिकारी प्रदीप बिष्ट ने बताया कि वन विभाग लगातार गुलदार की निगरानी कर रहा है. गुलदार को पकड़ने के लिए पिंजरा भी लगाया गया है। उन्होंने ग्रामीणों से सहयोग की अपील की।

