मसूरी, पहाड़ न्यूज़ टीम

मसूरी देहरादून विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष ब्रजेश कुमार संत ने माल रोड के सौंदर्यीकरण के लिए मसूरी का दौरा किया और माल रोड सहित आसपास के क्षेत्रों के बारे में जानकारी ली. इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। इस मौके पर नगर पालिका अध्यक्ष अनुज गुप्ता सहित प्राधिकरण के सचिव मोहन सिंह बर्निया, एसडीएम नरेश दुर्गापाल, सीओ पल्लवी त्यागी, अधिशासी अभियंता श्याम मोहन शर्मा भी मौजूद थे.

मसूरी के सौंदर्यीकरण के लिए विभिन्न विकास कार्य मसूरी देहरादून विकास प्राधिकरण द्वारा समय-समय पर किए जाते रहे हैं। हाल ही में प्राधिकरण द्वारा एक बहुउद्देश्यीय टाउन हॉल भी बनाया गया है। इसके बाद प्राधिकरण द्वारा मसूरी माल रोड के सौंदर्यीकरण की तैयारी भी कर ली गई है। इसको लेकर प्राधिकरण के वीसी बृजेश कुमार संत ने विभाग के अधिकारियों के साथ मसूरी माल रोड का निरीक्षण किया. निरीक्षण के दौरान उपस्थित नगर पालिका अध्यक्ष अनुज गुप्ता ने मुख्य रूप से किताबघर में प्रस्तावित वेंडर जोन के निर्माण और मोहल्ला पार्किंग के निर्माण के संबंध में वीसी को कई महत्वपूर्ण सुझाव दिए, जिस पर वीसी ने सहमति जताते हुए कहा कि यह विचार किया जाना चाहिए। इस दौरान उन्होंने नगर पालिका द्वारा किए जा रहे माल रोड के सौंदर्यीकरण कार्यों की भी सराहना की.

इस अवसर पर प्राधिकरण के वीसी बृजेश कुमार संत ने कहा कि प्राधिकरण मसूरी के विकास के लिए प्रतिबद्ध है. उन्होंने कहा कि उन्होंने आज माल रोड सहित सभी क्षेत्रों का दौरा किया है और अधिकारियों को मसूरी माल रोड पर प्राधिकरण के तहत शौचालय, हवाघर, स्ट्रीट लाइट, रेलिंग,, आदि की मरम्मत के निर्देश दिए हैं. उन्होंने बिजली विभाग को माल रोड पर जहां बिजली व्यवस्था अंडरग्राउंड हो गई है, वहां एक माह के भीतर पुराने खंभों पर लटके तारों को हटाने का भी निर्देश दिया. साथ ही कोतवाली के नीचे प्राचीन रिक्शा व डांडी का सौंदर्यीकरण, पुस्तकालय क्षेत्र में मॉल रोड पर बने पत्थर के शेर का सौंदर्यीकरण करने के भी निर्देश दिए. इस अवसर पर पेयजल निर्माण निगम के सहायक अभियंता विनोद रतूड़ी को माल रोड पर जहां मलवा पड़ा है, उसे हटाने व पानी से साफ करने के निर्देश दिए , ताकि धूल उड़ न सके. इस मौके पर उन्होंने मसूरी में हो रहे अवैध निर्माणों पर सख्त लहजे में कहा है कि शहर में किसी भी तरह का अवैध निर्माण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. यदि कहीं भी कोई अवैध निर्माण पाया जाता है तो कृपया मुझे बताएं। इसे विभाग 24 घंटे के भीतर ध्वस्त कर देगा। वहीं, चालान के बाद भी अवैध निर्माण कराये जा रहे थे, उन्हें भी गिराने को कहा गया.

इस मौके पर भाजपा मंडल अध्यक्ष मोहन पेटवाल, होटल एसोसिएशन उत्तराखंड के अध्यक्ष संदीप साहनी, मसूरी होटल एसोसिएशन के अध्यक्ष संजय अग्रवाल, ट्रेड एसोसिएशन के अध्यक्ष रजत अग्रवाल, सतीश ढौडियाल आदि ने भी सुझाव दिए.

निरीक्षण के दौरान सहायक अभियंता सुधीर गुप्ता, एसडीओ पावर पंकज थपलियाल, सभासद अरविंद सेमवाल, पालिका अधिशासी अधिकारी यूडी तिवाड़ी, सहायक अभियंता नगर पालिका रमेश बिष्ट सहित अधिकारी मौजूद रहे.