मसूरी, पहाड़ न्यूज़ टीम
मुख्य सचिव डॉ. एस. एस. संधू ने सोमवार को सचिवालय में मसूरी के जीर्णोद्धार और सौंदर्यीकरण से संबंधित कार्यों की प्रगति की जानकारी ली. बैठक के दौरान मुख्य सचिव ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मसूरी के जीर्णोद्धार एवं सौंदर्यीकरण से संबंधित सभी कार्यों की समय सीमा निर्धारित कर कार्य निर्धारित समय सीमा में पूरा किया जाए.
मुख्य सचिव ने पीडब्ल्यूडी को निर्देश दिए कि सड़क निर्माण कार्य शुरू करने से पहले पेयजल, जल संस्थान और यूपीसीएल से समन्वय स्थापित किया जाए, ताकि फिर से सड़कों की खुदाई न करनी पड़े. उन्होंने यह भी निर्देश दिये कि सड़कों को खुरचने और फिर से पक्का करने का काम टुकड़ों में किया जाए, एक साथ पूरी सड़क खोद कर पर्यटकों एवं स्थानीय लोगों को बहुत असुविधा होती है। उन्होंने कहा कि हर 500 मीटर पर शौचालय बनवाए जाएं और साइनेज आदि की समुचित व्यवस्था की जाए ताकि पर्यटकों और स्थानीय लोगों को परेशानी न हो.
मुख्य सचिव ने कहा कि पीक सीजन में पर्यटकों को असुविधा न हो, इसके मद्देनजर प्रत्येक कार्य की प्रकृति और उसके कम से कम समय में पूरा होने को ध्यान में रखते हुए अलग तिथि निर्धारित की जाए. उन्होंने कहा कि कार्य को तेजी से पूरा करने के साथ कार्यों की गुणवत्ता से किसी भी तरह से समझौता नहीं किया जाना चाहिए.
इस अवसर पर उपाध्यक्ष एमडीडीए बृजेश कुमार संत एवं सचिव शहरी विकास विनोद कुमार सुमन सहित अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित थे.

