देहरादून , पहाड़ न्यूज टीम
पूर्व में हुई बैठक में दिये गये निर्देशों के अनुरूप विभाग द्वारा किये गये कार्यों की प्रगति की जानकारी ग्राम्य विकास मंत्री गणेश जोशी ने ली. मंत्री ने ग्राम्य विकास विभाग के तहत संचालित महात्मा गॉधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारन्टी योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना- ग्रामीण, प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना, दीनदयाल उपाध्याय ग्रामीण कौशल्य योजना आदि अन्य योजनाएं), राज्य पोषित योजनाओं ( प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना, मेरा गांव मेरी सड़क, मुख्यमंत्री सीमान्त क्षेत्र विकास योजना, मुख्यमंत्री पलायन रोकथाम योजना, ग्रामीण व्यवसाय इन्क्यूवेटर व अन्य योजनाएं) तथा वाह्य सहायतित योजना (एकीकृत आजीविका सहयोग परियोजना) के बारे में अधिकारियों से विस्तृत चर्चा की तथा आवश्यक दिशा निर्देश दिये।
मंत्री गणेश जोशी ने विभाग द्वारा चलाई जा रही योजनाओं के तहत चैक डेम, वाटर स्टोरेज हारवेस्टिंग, मत्स्य पालन के कार्यों की प्रगति की जानकारी प्राप्त की और 100 दिनों के भीतर किए जाने वाले कार्यों को पूरा करने का निर्देश दिया. मंत्री को विभाग में रिक्त पदों की जानकारी भी मिली। मंत्री ने विभाग द्वारा रायपुर प्रखंड में नवनिर्मित आउटलेट के उद्घाटन के संबंध में अधिकारियों को निर्देश दिये.
प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना के तहत निर्मित सड़कों की गुणवत्ता के संबंध में अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए। मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना के तहत सड़कों और पुलों का निर्माण कार्य सितंबर 2022 तक पूरा कर लिया जाए.
कैबिनेट मंत्री जोशी ने कहा कि जिन किसानों के खेतों का उपयोग सड़क बनाने में किया गया है, उनके भूस्वामियों को दी जाने वाली मुआवजे की राशि का आवंटन शीघ्र किया जाए. उन्होंने अधिकारियों को एक सप्ताह के भीतर आवंटित/शेष मुआवजे की स्पष्ट जानकारी उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। मंत्री ने सीमांत क्षेत्रों में पलायन रोकने के लिए प्रभावी कार्य योजना तैयार करने के निर्देश दिए ताकि पलायन रुका रहे।
मंत्री गणेश जोशी ने अधिकारियों को दीनदयाल उपाध्याय ग्रामीण कौशल्या योजना का विभिन्न माध्यमों (सोशल मीडिया, प्रिंट मीडिया, इलेक्ट्रॉनिक मीडिया, होर्डिंग्स आदि) के माध्यम से प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए, ताकि अधिक से अधिक लोगों को इस योजना का लाभ मिल सके। उन्होंने कहा कि योजना के तहत जिन व्यवसायों में रोजगार के अधिक अवसर हैं, उन पर विशेष ध्यान दिया जाए ताकि अधिक से अधिक युवाओं को योजना का लाभ मिल सके. उन्होंने स्वयं सहायता समूहों को और मजबूत करने, दूसरे चरण के कार्य को सितंबर 2022 तक पूरा करने, पुलों का निर्माण समय से करने की योजना तैयार करने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर अपर मुख्य सचिव आनन्द वर्द्धन, सचिव, ग्राम्य विकास विभाग सचिन कुर्वे, अपर सचिव/आयुक्त ग्राम्य विकास आनन्द स्वरूप, अपर सचिव उदयराज सिंह सहित अन्य अधिकारी बैठक में उपस्थित थे.

