मसूरी , PAHAAD NEWS TEAM

देश का सबसे स्वच्छ हिल स्टेशन बनाने के तीन वर्ष पूरे होने पर हिलदारी संस्था ने मसूरी के सफाई कर्मियों के लिए उत्सव का आयोजन किया, जिसमें स्वच्छता कर्मियों के लिए मनोरंजक खेलों का भी आयोजन किया गया. वहीं नगर परिषद की ओर से कीन संस्था के सफाई कर्मियों को पहचान पत्र बांटे गए।

कुलड़ी स्थित राधा कृष्ण मंदिर के सभागार में आयोजित हिलदारी स्वच्छ कर्मी उत्सव में वक्ताओं ने कहा कि मसूरी को देश का सर्वश्रेष्ठ हिल स्टेशन बनाने के लिए हिलदारी ने तीन साल तक मसूरी में काम किया और सफाई कर्मियों के साथ मिलकर मसूरी को स्वच्छ बनाने में अपनी भूमिका का निर्वहन किया । जिससे मसूरी को राज्य में पहला स्थान मिला, जो गर्व की बात है, लेकिन इसके असली हकदार स्वच्छता कार्यकर्ता हैं जिन्होंने इसमें महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि सफाई कर्मचारी जो सफाई कर रहे हैं, वह अपने शहर के लिए कर रहे हैं और इसका लाभ यहां के लोगों को ही मिलेगा. शहर स्वच्छ रहेगा तो पर्यावरण भी सुधरेगा और वातावरण भी स्वच्छ रहेगा।

इस अवसर पर कीन संस्था के चारु ने कहा कि हिलदारी का उद्देश्य शहर को स्वच्छ बनाना और सफाई मित्रों को सुविधाएं प्रदान करना है. उन्होंने कहा कि हिलदारी को तीन साल पूरे हो गए हैं और यह दिन पर्यावरण मित्रों को समर्पित है। इन सफाई कर्मियों द्वारा कोविड काल में की गई सेवा को भुलाया नहीं जा सकता है। इसलिए इस दिन को उनके मनोरंजन के लिए रखा गया है।

इस मौके पर हिलदारी के प्रबंधक अरविंद शुक्ला ने कहा कि तीन साल से सेवा कर रहे पर्यावरण मित्रों को धन्यवाद देने के लिए इस कार्यक्रम का आयोजन किया गया है. उन्होंने कहा कि इन तीन वर्षों में शहर की सफाई व्यवस्था में बदलाव आया है और इनके सहयोग से मसूरी राज्य में प्रथम आया है. इस उत्सव के माध्यम से हमें आगे आने वाली चुनौतियों पर भी मंथन करना है कि इसे कैसे आगे बढ़ाया जाए और मसूरी को इंदौर की तरह स्वच्छता व्यवस्था बनाया जाए। इस अवसर पर पर्यावरण मित्रों को पहचान पत्र भी वितरित किए गए।

इस अवसर पर कीन संस्था के अशोक ने कहा कि उनका संगठन शहर को साफ करने के लिए अच्छा काम कर रहा है और भविष्य में और भी अच्छा काम करेगा. इस मौके पर रिसिटी से मेहा लहिरी, अखिलेश मोहन, नेहा, शशि कुमार, चारू मदान, कमल राजपूत, वैभव, किरणा, दीपक, लीला, बबीता, कल्पना अंधारे, स्त्री मुक्ति संगठन मुंबई की अध्यक्ष ज्योति महापशेकर, कीन संस्था से आपरेशन प्रबंधक अशोक कुमार, एचआर प्रबंधक जितेंद्र राणा आदि उपस्थित थे।