मसूरी , PAHAAD NEWS TEAM
मालरोड कुलड़ी स्थित एक रेस्टोरेंट के सभागार में नगर पार्षद गीता कुमाई की अध्यक्षता में भाजपा महिला मोर्चा को मजबूत करने व जनता की समस्याओं के समाधान के लिए महिला मोर्चा सदस्यों के साथ बैठक की गयी. बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में राज्य के कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी की पत्नी निर्मला जोशी और महिला मोर्चा दुर्गा मल्ल मंडल अध्यक्ष ज्योति कोटिया, जिला मंत्री संध्या थापा मौजूद रहीं.
इस मौके पर निर्मला जोशी ने मां शक्ति को आत्मनिर्भर बनने और एकजुट होकर काम करने की प्रेरणा दी। उन्होंने महिलाओं को आश्वासन दिया कि आत्मनिर्भर बनने के लिए मंत्री गणेश जोशी के माध्यम से उनका हर तरह से सहयोग किया जाएगा। बैठक में ज्योति कोटिया व संध्या थापा ने वात्सल्य योजना, स्वयं सहायता समूह, बालिका शिक्षा एवं छात्रवृत्ति आदि सहित भाजपा की केंद्र व राज्य सरकार द्वारा मातृ शक्ति के विकास एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी.
बैठक में नगर निगम पार्षद गीता कुमाई ने मातृशक्ति को घर-घर जाकर लोगों की समस्याओं का समाधान कर आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया. उन्होंने कहा कि हमें समाज के हित में एकजुट होकर काम करना है और विकास संबंधी योजनाओं का लाभ लोगों तक पहुंचाना है. उन्होंने कहा कि मां शक्ति को समाज के सामने एक मिसाल कायम करनी चाहिए कि आज महिलाएं न केवल आत्मनिर्भरता की ओर बढ़ रही हैं बल्कि समाज के लिए योगदान देने में भी सक्षम हैं। इस अवसर पर उन्होंने महिलाओं और युवाओं को रोजगार से जोड़ने के साथ-साथ युवाओं में बढ़ती नशीली दवाओं की आदत के खिलाफ काम करने और गुमराह युवाओं को मुख्यधारा में लाने का भी आह्वान किया. उन्होंने समस्त मातृशक्ति का आभार व्यक्त किया और बैठक में आने के लिए निर्मला जोशी, ज्योति कोटिया, संध्या थापा का आभार व्यक्त किया.
बैठक में यह सुनिश्चित किया गया कि सभी कार्यकर्ताओं द्वारा हर माह एक बैठक आयोजित की जाएगी और हर कार्यकर्ता घर-घर जाकर जनता की समस्याओं का यथासंभव समाधान करेगा।
बैठक में महिला मोर्चा महासचिव सपना शर्मा, पूर्व महामंत्री कमल शर्मा, पूर्व महिला मोर्चा अध्यक्ष मीरा सुरियाल, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य नर्मदा नेगी, सभासद जसोदा शर्मा, अनीता धनाई, कमला थपलियाल, सोनिया सागर, नीति, नीतू मलिक, विजयलक्ष्मी काला, गुड्डी देवी, पुष्पा पुंडीर, राधा आनंद, किरण थापा, अनीता सक्सेना, बीना राणा, रोशनी रावत भावना बडोनी, मुन्नी, सरोज, लक्ष्मी पाठक व बबीता सक्सेना सहित भाजपा की कई अन्य महिला मोर्चा कार्यकर्ता मौजूद थीं।

