टिहरी , PAHAAD NEWS TEAM

टिहरी जिले के थत्यूड़ थाना क्षेत्र के मूंगलोड़ी गांव में अफीम की खेती की जा रही थी. सूचना मिलते ही पुलिस गांव पहुंची और अफीम की फसल को नष्ट कर दिया. साथ ही खेत मालिक के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा भी दर्ज किया गया है.

बता दें, थत्यूड़ पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि टिहरी में अफीम की खेती मूंगलोड़ी गांव में की जा रही है. इस पर एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर के निर्देश पर सीओ सदर सुरेंद्र प्रसाद बलूनी और थत्यूड़ थानाध्यक्ष मनीष नेगी पुलिस टीम के साथ नागटिब्बा ट्रेकिंग रूट पर करीब 3 किमी पैदल चलकर पहाड़ी पर पहुंचे. मूंगलोड़ी गांव में 0.020 हेक्टेयर भूमि पर अवैध रूप से खड़ी अफीम की फसल को नष्ट कर दिया.

इस दौरान पुलिस ने मौके पर औंतड़ के पटवारी भीमदत उनियाल, थत्यूड़ के पटवारी गिरीश भट्ट और ग्राम प्रधान राहुल वैद्य को बुलाया. इस दौरान राजस्व अधिकारियों व ग्राम प्रधान ने अवैध अफीम की फसल को ग्राम मूंगलोड़ी के ही सीताराम पुत्र उत्तम सिंह का बताया. पुलिस ने राजस्व अधिकारियों और ग्राम प्रधान के सामने अफीम की फसल को नष्ट कर दिया.

पुलिस ने खेत के मालिक सीताराम के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है। फिलहाल सीताराम फरार है। उसकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। नष्ट हुई अफीम की फसल की कीमत करीब 1.35 लाख रुपये आंकी गई है। इस सफलता पर टिहरी एसएसपी ने पुलिस टीम को 25 हजार रुपये का नकद इनाम देने की घोषणा की है.