मसूरी, पहाड़ न्यूज़ टीम

उप जिलाधिकारी नरेश चन्द्र दुर्गापाल ने देश और राज्य में कोरोना संक्रमण के बढ़ते मामलों को देखते हुए संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक की. बैठक में निर्णय लिया गया कि नगर परिषद, मसूरी, पुलिस और स्थानीय प्रशासन लोगों को मास्क पहनने के लिए जागरूक करेगा. साथ ही मास्क नहीं पहनने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी और जुर्माना वसूला जाएगा.

जिलाधिकारी नरेश चंद्र दुर्गापाल ने कहा कि बैठक में सभी अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए लोगों को जागरूक करें और बाहर से आने वाले पर्यटकों को भी मास्क पहनने को कहा जाए. उन्होंने कहा कि पर्यटन नगरी में बड़ी संख्या में दूसरे राज्यों से लोग आते हैं, जिससे कोरोना संक्रमण फैलने का खतरा है. इसी को ध्यान में रखते हुए एक बैठक का आयोजन किया गया है ताकि लोगों को जागरूक किया जा सके। इसके साथ ही उन्होंने आम जनता से सभी मास्क लगाने और सामाजिक दूरी का पालन करने की अपील की, ताकि कोरोना संक्रमण को रोका जा सके. अगर कोई नहीं मानता है तो पुलिस प्रशासन सख्त कार्रवाई करेगा और उसका सख्ती से पालन कराएगा।

इस अवसर पर उप जिला अस्पताल के वरिष्ठ चिकित्सक एवं कोविड अधिकारी डा. प्रदीप राणा, नगर पालिका स्वास्थ्य अधिकारी डा. आभाष सिंह, एमपीजी कालेज के प्राचार्य डा. सुनील पंवार, वीरेंद्र बिष्ट आदि उपस्थित थे.