नई टिहरी , PAHAAD NEWS TEAM

सिद्धपीठ मां सुरकंडा देवी मंदिर रोपवे सेवा का उद्घाटन मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने किया. इस दौरान मुख्यमंत्री ने मां सुरकंडा देवी मंदिर में पूजा-अर्चना कर प्रदेश के सुख-समृद्धि की कामना की. मुख्यमंत्री ने जिलाधिकारी को निर्देश दिया कि इस क्षेत्र में स्थायी हेलीपैड के निर्माण के लिए जमीन की पहचान की जाए.

सुरकंडा देवी मंदिर तक पहुंचने के लिए करीब पांच करोड़ की लागत से बने रोपवे की लंबाई 502 मीटर है। इसकी क्षमता लगभग 500 व्यक्ति प्रति घंटे है। मुख्यमंत्री ने कहा कि रोपवे परियोजना यात्रियों और पर्यटकों के लिए प्रदूषण मुक्त परिवहन का एक प्रमुख साधन है। केंद्र की पर्वतमाला योजना के तहत जिलों में विभिन्न रोपवे परियोजनाओं के निर्माण के लिए राज्य सरकार द्वारा कार्रवाई की जा रही है.

सुरकंडा देवी मंदिर रोपवे सेवा उत्तराखंड राज्य के गठन के बाद पहली महत्वपूर्ण रोपवे परियोजना है, जिसका निर्माण राज्य पर्यटन विभाग द्वारा किया गया है। सुरकंडा रोपवे सेवा शुरू होने से श्रद्धालु कद्दूखाल से महज पांच से 10 मिनट में साल भर आसानी से मां सुरकंडा देवी के दर्शन कर सकेंगे। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि देवी सुरकंडा देवी के लिए रोपवे सेवा शुरू होने से श्रद्धालुओं को दर्शन करने में आसानी होगी. इससे स्थानीय स्तर पर लोगों की आजीविका भी बढ़ेगी। राज्य में धार्मिक पर्यटन के साथ-साथ साहसिक पर्यटन को भी बढ़ावा दिया जा रहा है। इस अवसर पर विधायक प्रीतम सिंह पंवार, किशोर उपाध्याय, सचिव पर्यटनदिलीप जावलकर, जिलाधिकारी ईवा आशीष श्रीवास्तव, एसएसपी नवनीत भुल्लर, मुख्य विकास अधिकारी नमामि बंसल आदि उपस्थित थे.