देहरादून , PAHAAD NEWS TEAM
उत्तराखंड में एक बार फिर बायोमेट्रिक सिस्टम शुरू हो गया है. मुख्य सचिव एसएस संधू ने सभी अधिकारियों को बायोमेट्रिक के जरिए ही हाजिरी लगाने के निर्देश दिए हैं. कोरोना के मामले कम होने के बाद अब मुख्य सचिव ने बायोमेट्रिक हाजिरी शुरू करने के निर्देश दिए हैं. मुख्य सचिव ने कर्मचारियों और अधिकारियों को समय पर पहुंचने के निर्देश भी दिए हैं. बायोमेट्रिक अटेंडेंस लगाते समय कोरोना गाइडलाइंस का पालन करना भी जरूरी होगा।
अपर मुख्य सचिव ने याद दिलाई जिम्मेदारी : उत्तराखंड में कर्मचारियों को बेहतर कार्य संस्कृति से जोड़ने के लिए सरकार लगातार दिशा-निर्देश जारी कर रही है. विशेष रूप से अधिकारियों को भी समय से कार्यालय आने के लिए प्रेरित किया जा रहा है, इसी कड़ी में मुख्यमंत्री के अतिरिक्त मुख्य सचिव राधा रतूड़ी ने एक बार फिर अधिकारियों और कर्मचारियों को उनके दायित्वों की याद दिलाई है.
अतिरिक्त मुख्य सचिव राधा रतूड़ी ने मुख्यमंत्री सचिवालय में तैनात प्रत्येक कार्मिक को मुख्यमंत्री सचिवालय में बेहतर कार्य संस्कृति विकसित करने के लिए सुबह साढ़े नौ बजे अपने कार्यालयों में उपस्थिति सुनिश्चित करने को कहा है. इसके लिए एसीएस राधा रतूड़ी ने स्वयं वरिष्ठ अधिकारियों को निर्देश दिया है कि वे अपने अधीनस्थों से संबंधित निजी स्टाफ/अनुभागों का नियमित रूप से निरीक्षण करें.
इतना ही नहीं लगातार 3 दिन से कार्यालय में देर से आने वाले कर्मचारियों के लिए भी दिशा-निर्देश दिए गए हैं। नए निर्देश के अनुसार ऐसे कर्मचारियों के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई के लिए संस्कृति सचिवालय प्रशासन विभाग को भेजा जाएगा. अतिरिक्त मुख्य सचिव, मुख्यमंत्री राधा रतूड़ी ने भी मुख्यमंत्री कार्यालय से जुड़े सभी सचिवों और प्रभारी सचिव से कार्यालयों में कर्मियों की समय पर उपस्थिति की निरीक्षण रिपोर्ट नियमित रूप से उपलब्ध कराने की अपेक्षा की है.

