देहरादून , PAHAAD NEWS TEAM

आम आदमी पार्टी ने उत्तराखंड में कार्यकारिणी का विस्तार किया है. आम आदमी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष दीपक बाली ने प्रदेश प्रभारी दिनेश मोहनिया की मौजूदगी में अपनी प्रदेश कार्यकारिणी का विस्तार किया है. आप ने अपने वरिष्ठ नेताओं को 13 पदों पर जिम्मेदारी दी है। वहीं, कांग्रेस छोड़कर आम आदमी पार्टी में शामिल हुए जोत सिंह बिष्‍ट को प्रदेश संगठन समन्वयक बनाया गया है। जोत सिंह बिष्ट प्रदेश कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष थे।

आप के प्रदेश अध्यक्ष दीपक बाली का कहना है कि जल्द ही जिला स्तर से लेकर बूथ स्तर तक पूरे प्रदेश में कार्यकारिणी का गठन किया जाएगा. वहीं, पार्टी के प्रदेश प्रभारी दिनेश मोहनिया ने कहा कि भले ही विधानसभा चुनाव में एक भी सीट पर खाता नहीं खोल पाए. लेकिन इससे पार्टी का जोश कम नहीं हुआ है. हार की गलतियों से सबक लेते हुए उत्तराखंड में आम आदमी पार्टी एक बार फिर लोगों के बीच जाएगी और लोगों की आवाज को प्रमुखता से उठाया जाएगा.

आम आदमी पार्टी ने जोत सिंह बिष्ट को प्रदेश संगठन समन्वयक, बसंत कुमार को वरिष्ठ प्रदेश उपाध्यक्ष और कुमाऊं के प्रभारी शिशुपाल रावत को प्रदेश उपाध्यक्ष और नैनीताल-अल्मोड़ा का जिला प्रभारी सुनीता बाजवा टम्टा को प्रदेश उपाध्यक्ष एवं काशीपुर-खटीमा का जिला प्रभारी, प्रवीण कुमार बंसल को प्रदेश उपाध्यक्ष सहित पछुआ देहरादून का जिला प्रभारी, डिंपल सिंह परवा देहरादून का जिला प्रभारी, नरेश शर्मा को हरिद्वार और रुड़की का जिला प्रभारी, आजाद अली को प्रदेश अल्पसंख्यक मोर्चा का प्रभारी सहित अजय जयसवाल को प्रदेश महासचिव, धर्मेंद्र कुमार बंसल को प्रदेश कोषाध्यक्ष, अमित जोशी को प्रदेश मीडिया प्रभारी, देव प्रकाश पंत को राज्य सोशल मीडिया प्रभारी बनाया गया है।