टिहरी , PAHAAD NEWS TEAM

डीएम ईवा श्रीवास्तव ने ऋषिकेश-गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग, चंबा से कंडीसौड़, रामोलगांव तक ऑल वेदर रोड का स्थलीय निरीक्षण चारधाम यात्रा को देखते हुए किया. इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए.

इस दौरान डीएम ने राजस्व विभाग, बीआरओ और वन विभाग को संयुक्त रूप से एनएच 54 से 121 किलोमीटर तक बने डंपिंग जोन का निरीक्षण कर रिपोर्ट देने का निर्देश दिया. उन्होंने बीआरओ और संबंधित कार्यकारी संगठनों को सड़क कटिंग के काम के साथ-साथ मलबा हटाने के निर्देश दिए.

डीएम ईवा आशीष श्रीवास्तव ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि ओवर हैंगिंग स्टोन्स की टेक्निकल की तकनीकी जांच कराकर हटाए जाने वाले बोल्डरों को तत्काल हटाया जाए. उन्होंने सड़क कटिंग वाले स्थलों पर अधिक से अधिक चेतावनी बोर्ड लगाने, अतिरिक्त कर्मी लगाने, सुरक्षा दीवार बढ़ाने और मजदूरों को हेलमेट लगाने के निर्देश दिए. स्यांसू में स्कूल की ओर जाने वाली सड़क की मरम्मत, 116 व 117 किमी में आने वाले मलबे को हटाने के भी निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने रमोला गांव के समीप 121 किमी पर भूस्खलन स्थल पर खतरे की जद में आये 2 पेड़ों को 24 घंटे के भीतर हटाने को कहा. निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने कटिंग के रुके हुए कार्यों की जानकारी ली और तत्काल जांच के साथ कटिंग कार्य शुरू करने के निर्देश दिए. कमांद में खराब सड़क को लेकर उन्होंने संबंधित निर्माण एजेंसी को सड़क का डामरीकरण करने के भी निर्देश दिए हैं.