मसूरी 18 मई, पहाड़ न्यूज टीम
पहाड़ों की रानी मसूरी में साफ-सफाई के नाम पर बड़ा घोटाला किया जा रहा है. इस मामले में मसूरी ट्रेडर्स एंड वेलफेयर एसोसिएशन के अध्यक्ष रजत अग्रवाल ने बड़ा खुलासा किया है. उन्होंने आरोप लगाया कि मसूरी नगर पालिका 2009 से कोलूखेत में बैरियर लगाकर लोगों से इको टैक्स वसूल रही है। इस इको-टैक्स के पैसे का इस्तेमाल मसूरी की सफाई और कचरा प्रबंधन के लिए किया जाना था।
रजत अग्रवाल का आरोप है कि इको-टैक्स के नाम पर लोगों से जो पैसा वसूल किया जा रहा है, उस पैसे को मसूरी नगर पालिका दूसरे कामों में लगा रही है. फिलहाल नगर पालिका के इको टैक्स से 2 करोड़ 10 लाख रुपए आ रहे हैं। मसूरी नगर पालिका के अधिकारी इस पैसे का कोई हिसाब नहीं देते।
रजत अग्रवाल ने बताया कि हिमालयन इंस्टीट्यूट के माध्यम से मसूरी में कचरा प्रबंधन का काम होता है. इसके लिए नगर पालिका द्वारा 29 कर्मचारियों की नियुक्ति की गई है। लेकिन, यह कर्मचारी कहां है, यह किसी को नहीं पता। जब उन्होंने इन कर्मचारियों की सूची मांगी तो वह भी उन्हें उपलब्ध नहीं कराई गई।
उन्होंने कहा कि मसूरी नगर पालिका कचरे के प्रबंधन में पूरी तरह विफल रही है और केवल कागजी कार्रवाई की जा रही है. मसूरी में कूड़ेदानों की भारी कमी है। मसूरी के ऐतिहासिक भट्टा और झडीपानी फॉल में काफी गंदगी है, लेकिन नगर निगम के अधिकारी इस ओर कोई ध्यान नहीं दे रहे हैं।
उन्होंने कहा कि कूड़ा उठाने वाले वाहनों की हालत खराब है. कचरा प्रबंधन को लेकर नगर पालिका द्वारा बड़ा घोटाला किया जा रहा है। उन्होंने जल्द ही पूरे घोटाले का पर्दाफाश करने का ऐलान किया है. इसको लेकर उनके द्वारा एक बड़ा आंदोलन भी किया जाएगा। स्वच्छता के नाम पर कौन-कौन सी संस्थाएं काम कर रही हैं और उन्हें किस तरह से पैसा दिया जा रहा है. इस संबंध में नगर पालिका को पारदर्शिता अपनानी चाहिए।

