मसूरी , PAHAAD NEWS TEAM

अवैध निर्माणों के खिलाफ एमडीडीएस यानी मसूरी देहरादून विकास प्राधिकरण ने कार्रवाई करनी शुरू कर दी है. माल रोड के दून व्यू साइट पर हो रहे अतिक्रमण को बुधवार को मसूरी देहरादून विकास प्राधिकरण की टीम ने हटाना शुरू कर दिया ।

बुधवार को मसूरी देहरादून विकास प्राधिकरण के सहायक अभियंता सुधीर गुप्ता के नेतृत्व में मसूरी अंबेडकर चौक के पास ग्रोवर रजनी निवास में अनाधिकृत निर्माण को ध्वस्त कर दिया गया. वहीं सड़क के ऊपर दून व्यू प्वाइंट पर किए गए निर्माण को हटाने का भी नोटिस दिया गया.

सहायक अभियंता सुधीर गुप्ता ने कहा कि उच्चाधिकारियों के निर्देश पर मसूरी माल रोड को व्यवस्थित और सुंदर बनाने के लिए लगातार काम किया जा रहा है. वहीं दून व्यू प्वाइंट की ओर किए गए अवैध निर्माण को हटाने की भी कार्रवाई की जा रही है।

उन्होंने बताया कि ग्रोवर रजनी निवास में सड़क किनारे अनाधिकृत निर्माण कार्य किया जा रहा था, जिसे प्राधिकरण की टीम ने पुलिस के सहयोग से ध्वस्त कर दिया. दून व्यू प्वाइंट पर बने ढांचे को हटाने के भी निर्देश दिए गए हैं। मसूरी में किसी भी तरह के अवैध निर्माण को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और जल्द ही प्राधिकरण कुछ अन्य बड़े निर्माणों पर भी कार्रवाई करने जा रहा है।