मसूरी , PAHAAD NEWS TEAM

भारत सरकार के पूर्व मानव संसाधन विकास मंत्री और हरिद्वार के सांसद डॉ. रमेश पोखरियाल निशंक ने मुख्य अतिथि के रूप में स्मृति हरि और आशु जैन द्वारा अंग्रेजी में गढ़वाली व्यंजन पर पहली पुस्तक ‘द हेवनली एबोड’ का लोकार्पण किया. इस मौके पर उन्होंने कहा कि इस किताब में उत्तराखंड का अमृत है, क्योंकि इसमें न सिर्फ खाने की रेसिपी बताई गई है, बल्कि कौन सा गढ़वाली खाना सेहत के लिए कितना फायदेमंद है, यह भी बताया गया है. उन्होंने स्मृति हरि और आशु जैन पुस्तक के लेखकों को बधाई दी और शुभकामनाएं दी और कहा कि वे देश और विदेश में पुस्तक के प्रचार और प्रसार में पूरा सहयोग देंगे।

पुस्तक ‘द हेवनली एबोड’ के विमोचन के अवसर पर नवोदित लेखकों और सैफ स्मृति हरि और आशु जैन को बधाई देते हुए डॉ. रमेश पोखरियाल निशंक ने कहा कि इस पुस्तक के माध्यम से देश विदेश में उत्तराखंड के व्यंजनों का प्रचार प्रसार होगा और उनको प्रोत्साहन मिलेगा । उन्होंने कहा कि वह भारत सरकार के पर्यटन मंत्रालय के माध्यम से इस पुस्तक का दुनिया भर में प्रचार-प्रसार करेंगे। साथ ही उन्होंने कहा कि आप पूरी दुनिया में जहां भी जाते हैं, उस देश के बड़े होटलों में उत्तराखंड के सैफ होते हैं और यह बात प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कही है. ऐसे में विश्व स्तर पर उत्तराखंड का खाना परोसने में उनकी मदद ली जा सकती है। उन्होंने कहा कि गढ़वाली व्यंजनों पर इस पुस्तक की विशेषता यह है कि पुस्तक के दोनों लेखक गढ़वाली के मूल वक्ता नहीं हैं, इसलिए गढ़वाली भोजन के बारे में इतनी जानकारी होना प्रशंसनीय है। इस अवसर पर उन्होंने अंग्रेजी लेखक और प्रसिद्ध उपन्यासकार पद्म भूषण रस्किन बांड को भी जन्मदिन की बधाई और शुभकामनाएं दी।

इस अवसर पर पुस्तक की लेखिका स्मृति हरि ने कहा कि जब वह देश के विभिन्न क्षेत्रों में फूड फेस्टिवल या प्रतियोगिताओं में गई तो उन्हें सभी राज्यों से भोजन से संबंधित पुस्तकें मिलीं, लेकिन उत्तराखंड से भोजन पर कोई पुस्तक नहीं मिली। तभी उन्होंने तय किया कि वह गढ़वाली भोजन पर एक किताब लिखेंगे, जिसमें आशु जैन ने समर्थन किया और सैफ भाग सिंह खरोला तथा फोटो ग्राफर जाॅय दीप ने सहयोग किया।

वहीं किताब के बारे में आशु जैन ने कहा कि इस किताब में 250 व्यंजनों का वर्णन किया गया है. उसने यह भी बताया कि वह अपने कैफे में सिर्फ उत्तराखंडी खाना ही परोसती है।

इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि नगर पालिका अध्यक्ष अनुज गुप्ता और पूर्व विधायक जोत सिंह गुनसोला ने भी स्मृति हरि और आशु जैन को पुस्तक विमोचन पर बधाई दी और कहा कि निश्चित रूप से देश-विदेश के पर्यटकों को इस पुस्तक से यहां के भोजन की जानकारी मिलेगी. नगर पालिका अध्यक्ष अनुज गुप्ता ने भी शहर के रेस्टोरेंट संचालकों से अपील की है कि वे अपने मेन्यू में गढ़वाली व्यंजनों को जगह दें ताकि यहां विदेश से आने वाले पर्यटक गढ़वाली खाने का लुत्फ उठा सकें. इसके साथ ही उत्तराखंडी व्यंजनों को देश-विदेश में प्रचारित किया जा सकता है।

कार्यक्रम का संचालन शिक्षिका निमेष डंगवाल ने किया। इस अवसर पर पूर्व नगर अध्यक्ष मनमोहन सिंह मल्ल, ओपी उनियाल, पालिका सभासद जसोदा शर्मा, आरती अग्रवाल, मनीषा खरोला, प्रताप पंवार, दर्शन रावत, व्यापार संघ अध्यक्ष रजत अग्रवाल, महामंत्री जगजीत कुकरेजा, नागेन्द्र उनियाल, मदन मोहन शर्मा, हिलदारी के प्रबन्धक अरविन्द शुक्ल, कमल शर्मा, कमला थपलियाल, भाजपा महिला मोर्चा अध्यक्षा पुष्पा पडियार, अनीता पुंडीर, अनीता सक्सेना, नमिता कुमाई, सतीश ढौडियाल, धनप्रकाश अग्रवाल समेत बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे।