खटीमा/लक्सर , पहाड़ न्यूज़ टीम
खटीमा में पूरी नोगवा ठग्गू गांव में सरकारी तालाब पर अतिक्रमण कर बनाए गए 5 मकान व दुकानों को एसडीएम के निर्देशन में प्रशासन व भारी पुलिस बल की मौजूदगी में तोड़ा गया. इस दौरान पूरे गांव में हड़कंप मच गया। मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। इस दौरान प्रशासन की टीम और ग्रामीणों के बीच कहासुनी हो गई। विध्वंस के बाद कई परिवार बेघर हो गए हैं।
खटीमा उपजिलाधिकारी रविंद्र बिष्ट ने बताया कि उच्च न्यायालय के आदेश पर सरकारी तालाबों से अतिक्रमण हटाया गया है. कुछ दिन पहले मझोला गांव में भी कुछ घरों को तोड़ा गया था। नोगवा ठग्गू में भी सरकारी तालाब पर बने 5 घरों को तोड़ा गया है. उन्होंने कहा कि तालाबों पर सरकारी या गैर सरकारी अतिक्रमण को तोड़ा जाएगा.
वहीं, शुक्रवार को लक्सर में नगर परिषद, तहसील प्रशासन की संयुक्त टीम ने पुलिस बल के साथ शहर में अवैध अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई की. इस दौरान बालावली तिराहे से लेकर ओवर ब्रिज पुल के नीचे तक दुकानदारों द्वारा किए गए अतिक्रमण को हटाया गया. इस दौरान दुकानदारों में हड़कंप मच गया।
जिलाधिकारी के आदेश पर लक्सर एसडीएम गोपाल राम बिनवाल ने व्यापर मंडल के कार्यकर्ताओं को एक सप्ताह पूर्व स्वयं अतिक्रमण हटाने को कहा था. नगर परिषद के कार्यकारी अधिकारी सुरेंद्र कुमार ने बताया कि इन लोगों को पहले भी अतिक्रमण हटाने के लिए नोटिस दिए गए थे. नहीं हटाए जाने पर कार्रवाई की गई है।

