देहरादून , PAHAAD NEWS TEAM
रविवार को उत्तराखंड के स्वास्थ्य मंत्री डॉ धन सिंह रावत नैनीताल जिले के दौरे पर थे. इस दौरान धन सिंह रावत ने जिला अस्पताल बीडी पांडे का निरीक्षण किया. निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य मंत्री ने महिला एवं पुरुष अस्पताल के सीटी स्कैन सेंटर, ऑक्सीजन जेनरेशन प्लांट सहित सभी वार्डों का गहन निरीक्षण किया. साथ ही उन्होंने मरीजों का हाल भी जाना।
इस दौरान धन सिंह रावत ने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश की जनता के स्वास्थ्य को लेकर गंभीर है. जल्द ही राज्य स्तर पर हर व्यक्ति का स्वास्थ्य कार्ड बनाया जाएगा। जिसमें व्यक्ति के स्वास्थ्य, बीमारी और दवा की जानकारी दर्ज की जाएगी। जिसके आधार पर डॉक्टर मरीजों का इलाज कर सकेंगे। उन्होंने कहा कि सरकार हर व्यक्ति को मुफ्त दवा और बेहतर इलाज मुहैया कराने का प्रयास कर रही है. उन्होंने कहा कि जो लोग आयुष्मान कार्ड बनाने से वंचित रह गए हैं, ऐसे लोगों को फिर से आयुष्मान कार्ड नि:शुल्क बनाया जाएगा. साथ ही जिला अस्पतालों व पीएचसी व सीएचसी केंद्रों में व्यवस्थाओं की जांच के लिए स्वास्थ्य सचिव समेत निदेशालय स्तर के अधिकारियों को निरीक्षण करने के निर्देश दिए हैं.
इस दौरान धन सिंह रावत ने कहा कि उत्तराखंड के सुदूर ग्रामीण इलाकों के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा मुहैया कराने और आपात स्थिति में उन्हें हायर सेंटर लाने के लिए एयर लिफ्ट की व्यवस्था की गई है. सरकार ने अस्पताल में खाली पड़े डॉक्टरों, नर्सों समेत एएनएम के पदों को भरने की सभी औपचारिकताएं पूरी कर ली हैं. डॉक्टरों के पदों को भरने के लिए शासन स्तर पर विज्ञप्ति जारी की गई है। जल्द ही एएनएम समेत अन्य स्टाफ के पदों पर भर्ती की जाएगी।
मोतियाबिंद का मुफ्त ऑपरेशन करेगी राज्य सरकार: धनसिंह रावत ने कहा कि सरकार राज्य में एक लाख लोगों का मोतियाबिंद का ऑपरेशन नि:शुल्क करेगी. साथ ही चश्मा भी मुफ्त दिया जाएगा। पांच लाख तक का इलाज मुफ्त किया जाएगा।
एक रंग में दिखेंगे उत्तराखंड के सभी जिला और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र: नैनीताल पहुंचे स्वास्थ्य मंत्री धन सिंह रावत ने कहा कि राज्य सरकार जल्द ही उत्तराखंड के सभी जिला अस्पतालों समेत प्राथमिक सामुदायिक केंद्र को एक रंग में रंगने जा रही है. जिसके लिए निदेशालय स्तर पर कमेटी का गठन किया गया है। एनएवीएच के मानकों के आधार पर प्रदेश के जिला अस्पतालों को एक रंग में रंगने का काम किया जाएगा.
बीडी पांडे अस्पताल अस्पतालों में सबसे स्वच्छ अस्पताल: निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य मंत्री धनसिंह रावत ने कहा कि नैनीताल का जिला अस्पताल उत्तराखंड के सबसे स्वच्छ अस्पतालों में से एक है. स्वास्थ्य मंत्री बनने के बाद वे अब तक 76 से ज्यादा अस्पतालों का निरीक्षण कर चुके हैं. उन्होंने बीडी पांडे अस्पताल को सबसे साफ पाया। इस दौरान उन्होंने अस्पताल प्रबंधन की भी सराहना की। नैनीताल पहुंचे स्वास्थ्य मंत्री धन सिंह रावत ने कहा कि नैनीताल में डॉक्टरों समेत स्टाफ के लिए लंबे समय तक रहने की जगह नहीं है. जिससे डॉक्टरों व स्टाफ को काफी परेशानी होती है। जल्द ही उनके द्वारा डॉक्टरों सहित स्टाफ आवास के निर्माण के लिए बजट जारी किया जाएगा।

