पिथौरागढ़ , पहाड़ न्यूज टीम
भारत और उसका पड़ोसी देश नेपाल अब एक दूसरे के करीब आ गया है. भारत और नेपाल के बीच बहने वाली काली नदी पर बने दो अंतरराष्ट्रीय झूला पुलों को जनता के लिए खोल दिया गया है। इन दोनों झूला पुलों पर यातायात शुरू होने पर स्थानीय निवासियों ने खुशी जाहिर की है. इन पुलों का उद्घाटन पिथौरागढ़ के डीएम डॉ आशीष चौहान और दार्चुला नेपाल के जिलाधिकारी डीआर उपाध्याय ने संयुक्त रूप से किया.
पहला पुल पिथौरागढ़ के धारचूला में एलागाड़ और नेपाल के बडू के बीच बनाया गया है। जबकि दूसरा पुल द्वालीसेरा और नेपाल के लाली के बीच बनाया गया है। पुलों के उद्घाटन के मौके पर पिथौरागढ़ के डीएम डॉ आशीष चौहान ने कहा कि इन नए पुलों से दोनों तरफ के लोगों को काफी मदद मिलेगी. आपको बता दें, इन दोनों सस्पेंशन ब्रिज को नेपाल सरकार ने बनाया है।
इन दोनों पुलों की सुरक्षा की जिम्मेदारी भारत में एसएसबी और नेपाल में सशस्त्र गार्ड की होगी। इन दोनों पुलों के चालू होने से दोनों देशों के पांच दर्जन से अधिक गांवों को सुविधा मिलेगी. दोनों देशों के बीच संबंध और मजबूत होंगे। दोनों देशों के स्थानीय लोग अपने रिश्तेदारों से आसानी से मिलेंगे ।

