हल्द्वानी , पहाड़ न्यूज टीम

बीती देर रात सुशीला तिवारी अस्पताल का औचक निरीक्षण स्वास्थ्य मंत्री धन सिंह रावत ने किया. जहां मंत्री धन सिंह रावत ने अस्पताल का बारीकी से निरीक्षण किया और मरीजों व परिजनों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना. इस दौरान मंत्री धन सिंह रावत ने आईसीयू, एनआईसीयू, डायलिसिस समेत सभी विभागों का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने के निर्देश दिए.

स्वास्थ्य मंत्री ने अचानक अस्पताल का निरीक्षण किया तो अस्पताल प्रशासन में हड़कंप मच गया। देर रात अस्पताल का प्रशासनिक अमला अस्पताल में ही रहा। इस दौरान सुशीला तिवारी अस्पताल के प्राचार्य डॉ. अरुण मोहन जोशी भी मौजूद रहे, स्वास्थ्य मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने बताया कि सुशीला तिवारी अस्पताल कुमाऊं का ही है. यह एक बड़ा सरकारी अस्पताल है। जहां पहाड़ के साथ-साथ यूपी के कई जिलों से लोग अपना इलाज कराने आते हैं.

कोविड के समय में सुशीला तिवारी अस्पताल ने कोविड के मरीजों की दिन रात सेवा की, इसलिए यहां बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना उनकी और सरकार की प्राथमिकता है. वह लगातार सुशीला तिवारी अस्पताल के प्राचार्य व अन्य वरिष्ठ डॉक्टरों के संपर्क में हैं और बेहतर व्यवस्था के लिए प्रतिबद्ध हैं. उन्होंने कहा कि आने वाले समय में सुशीला तिवारी अस्पताल के लिए आवश्यक व्यवस्थाओं में कोई झिझक नहीं होगी. उनका कहना है कि मरीजों को बेहतर सुविधा मुहैया कराना स्वास्थ्य विभाग और सरकार का मकसद है.