श्रीनगर , पहाड़ न्यूज टीम

उत्तराखंड शौर्य अभियान समिति ने कैबिनेट मंत्री डॉक्टर धन सिंह रावत को उत्तराखंड शौर्य सम्मान से सम्मानित किया. उन्हें यह सम्मान उच्च शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में किए गए नवोन्मेषी प्रयोगों के लिए दिया गया है। डॉ धन सिंह रावत यह पुरस्कार पाने वाले उत्तराखंड के पहले राजनेता हैं। इससे पहले यह सम्मान पद्मश्री जगत सिंह जंगली, पद्मश्री प्रेमचंद शर्मा आदि लोगों को मिल चुका है। जिन्होंने विभिन्न क्षेत्रों में नवाचार और विशेष कार्य किया है।

उत्तराखंड शौर्य अभियान समिति ने डॉ. धन सिंह रावत को प्रशस्ति पत्र, स्मृति चिन्ह और शॉल देकर सम्मानित किया। इस दौरान डॉ धन सिंह रावत ने समिति के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सम्मान और पुरस्कार बेहतर कार्यों को प्रोत्साहित करने के लिए दिए जाते हैं. उन्होंने कहा कि छात्र जीवन से ही उन्होंने हमेशा समाज के लिए संघर्ष किया है। यह प्रेरणा उन्हें अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद और आरएसएस से मिली है।

धन सिंह रावत ने कहा कि राज्य के अंतिम व्यक्ति को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना और शिक्षा का प्रकाश जगाना उनकी प्राथमिकताओं में है. उन्होंने कहा कि उत्तराखंड देश का पहला राज्य है जहां आगामी जुलाई में नई शिक्षा नीति लागू की जाएगी।

इसी तरह स्वास्थ्य के क्षेत्र में भी लोगों को अटल आयुष्मान योजना के तहत 5 लाख तक का मुफ्त इलाज दिया जा रहा है. अब तक साढ़े सात लाख लोग इस योजना का लाभ उठा चुके हैं। राज्य के दूरदराज के इलाकों के लिए एयर एंबुलेंस सेवा शुरू कर दी गई है. हाल ही में केदारनाथ से 352 मरीजों को एयरलिफ्ट किया गया है।