देहरादून , पहाड़ न्यूज टीम

11 जून को होने वाले आईएमए पासिंग आउट परेड कार्यक्रम के दौरान ट्रैफिक डायवर्ट किया गया है. परेड के दौरान डायवर्जन का समय सुबह 5 बजे से दोपहर 2 बजे तक रहेगा. आईएमए के आसपास जीरो जोन रहेगा। आम लोगों की परेशानी को देखते हुए ट्रैफिक डायवर्ट किया गया है।

बाहरी और आसपास के इलाकों की सुरक्षा की जिम्मेदारी दून पुलिस की है.

आपको बता दें कि भारतीय सैन्य अकादमी की स्थापना वर्ष 1932 में देहरादून में हुई थी। परेड को ध्यान में रखते हुए अकादमी के अंदर और बाहर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की जा रही है। अकादमी परिसर की सुरक्षा की जिम्मेदारी सेना के जवानों की होती है और बाहरी व आसपास के इलाकों की सुरक्षा की जिम्मेदारी दून पुलिस की होती है.

परेड के दौरान बल्लूपुर और प्रेमनगर की तरफ से आईएमए की ओर कोई ट्रैफिक नहीं जाएगा। आईएमए की तरफ जीरो जोन होगा।

घंटाघर से विकासनगर जाने वाले सभी ट्रैफिक को बल्लूपुर चौक से शिमला बाईपास रोड होते हुए विकासनगर की ओर डायवर्ट किया जाएगा।

प्रेमनगर की ओर से आने वाले यातायात को प्रेमनगर चौक से दरू चौक (मिठी बेरी चौक) होते हुए गोरखपुर चौक से शिमला बाईपास होते हुए डायवर्ट किया जाएगा।

विकासनगर की ओर से आने वाले वाहनों को हर्बटपुर चौक से धर्मावाला चौक की ओर डायवर्ट किया जाएगा। धर्मावाला चौक से शिमला बाय पास होते हुए शहर की ओर ट्रैफिक आ सकेगा।

सेलांकुई और भाऊवाला की ओर से आने वाले सभी वाहनों को धूलकोट तिराहे से सिंघनीवाला होते हुए नया गांव की ओर भेजा जाएगा.

सभी भारी वाहनों को हर्बटपुर, शिमला बाईपास चौक और बल्लूपुर चौक से जीएमएस रोड की ओर पूरी तरह डायवर्ट किया जाएगा.

एसपी सिटी सरिता डोभाल ने कहा कि 11 जून को पासिंग आउट परेड के दौरान रूट डायवर्ट किया जाएगा. उन्होंने लोगों से असुविधा से बचने के लिए चार पहिया वाहनों का इस्तेमाल कम से कम करने की अपील की है. यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने में जिला पुलिस को अपना सहयोग दें।