मसूरी , पहाड़ न्यूज टीम

पर्यटन नगरी में थम नहीं रहा जाम, करोड़ों की लागत से बनी पार्किंग किसी के काम नहीं आ रही. जिससे स्थानीय लोगों सहित पर्यटकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। हैरानी की बात यह है कि इस बार जून के महीने में एक भी दिन ऐसा नहीं रहा जब लोगों को जाम से जूझना न पड़ा हो। माल रोड पर ऐसा ही जाम है।

पर्यटन नगरी में पार्किंग की कमी एक बार फिर उजागर हो गई है। हालांकि इस सीजन में काफी शोर-शराबे के साथ किंक्रेग पार्किग बनने के बाद प्रशासन और पुलिस ने दावा किया था कि जाम नहीं लगेगा, लेकिन उनका दावा खोखला साबित हुआ. आलम यह है कि दिन भर जाम खोलने में भी पुलिस पसीना बहा रही है। उसके बाद भी सार्थक परिणाम नहीं आ रहे हैं। लाइब्रेरी से किंक्रेग, लाइब्रेरी से जीरो प्वाइंट, मालरोड, लंढौर रोड और अब पिक्चर पैलेस रोड तक जाम से जनता को हर दिन जूझना पड़ता है. लोगों को उम्मीद थी कि किंक्रेग पर पार्किंग बनने से इसका फायदा मिलेगा, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। लोक निर्माण विभाग ने 32 करोड़ की लागत से पर्यटन विभाग के माध्यम से पार्किंग बनाई है, लेकिन कोई भी पर्यटक वहां अपना वाहन खड़ा करने को तैयार नहीं है. इसके पीछे सबसे बड़ी कमी पुलिस और प्रशासन की लगती है। क्योंकि सीजन की बैठक के बाद पुलिस ने तय किया था कि किंक्रेग पार्किंग का टेंडर नहीं होने तक इसे फ्री पार्किंग के तौर पर चलाया जाएगा

जिसमें पुलिस टेम्पों ट्रेवलर को खड़ा करेगी क्यो कि अधिकतर जाम बड़े वाहनों के कारण ही लगता है। इस दिशा में पुलिस ने प्रयास भी किया व किंक्रेग पर टैम्पो को रोकना शुरू किया और वहां से टैक्सी यूनियन की मदद से शटल सेवा शुरू की. लेकिन यह सफल नहीं हुआ। क्योंकि पार्किंग इतनी कम है कि टेम्पो उसके अंदर नहीं जा पा रहे हैं, जबकि शटल सेवा भी सही समय पर पर्यटकों को नहीं मिल रही थी। जैसे ही पर्यटन विभाग को पता चला कि प्रशासन ने पुलिस के माध्यम से पार्किंग शुरू की है, उन्होंने अपने दो कर्मचारियों को पार्किंग स्थल पर तैनात कर दिया. और उनसे पैसे लेने लगे। ऐसे में मसूरी आने वाला पर्यटक दो किमी से नीचे की पार्किंग में वाहन खड़ा करने को तैयार नहीं है, जिससे ज्यादातर समय पार्किंग खाली रहती है। इसका कोई फायदा इस सीजन में नहीं मिला।

उधर, पर्यटन विभाग ने पार्किंग का टेंडर तो दिया है लेकिन पार्किंग लेने वाले ने अभी तक काम शुरू नहीं किया है। वहीं, पुलिस ने पहले कोशिश की थी कि टेंपो को मसूरी नहीं आने दिया जाएगा, लेकिन जब वह पार्किंग में नहीं आ सका तो उन्हें मसूरी के लिए निकलना पड़ा. जाम की स्थिति यह है कि हर दिन दो से चार किलोमीटर लंबा जाम लग रहा है और इसी तरह माल रोड पर भी जाम रहता है, खासकर जहां सड़क संकरी है जिसमें रियाल्टो चौक मुख्य है. इसके साथ ही माल रोड पर लगने वाले जाम की वजह आपूर्ति वाहन भी हैं, जो वहां खड़े रहते हैं. और निर्धारित समय के बाद भी मॉल रोड पर रहते हैं।

वहीं नगर पालिका बैरियर के कारण लाइब्रेरी और पिक्चर पैलेस भी जाम हो जाता है, क्योंकि वहां नगर पालिका बैरियर के अंदर जाने के लिए पैसे लेती है, जो देरी से जाम हो जाता है. इसके साथ ही होटल व्यवसायी पर्यटकों के वाहन मॉल रोड पर पार्क करवा देते हैं, जिससे जाम लगता है, हालांकि पुलिस चालान करती है, लेकिन हर समय मौके पर नहीं रहने के कारण वाहनों की कतार लग जाती है. वहीं, एमडीडीए ने नगर पालिका टाउन हॉल में भी पार्किंग बनाई है लेकिन वह भी अभी तक आवंटित नहीं की गई है. हालांकि एमडीडीए इस पार्किंग को कंस्ट्रक्शन एजेंसी के जरिए चला रहा है।