खबर उत्तराखंड की राजधानी देहरादून से है जहाँ सरकार द्वारा कैबिनेट में कईं फैसलों पर मुहर लगा दी गई है। जिसके मुताबिक अब मनरेगा के तहत 100 दिन का रोजगार कर चुके जॉब कार्ड धारक परिवारों को 50 दिन के अतिरिक्त रोजगार मिलेगा। कोरोना महामारी के कारण उत्तराखंड में करीब 10 महीने से बंद चल रहे स्कूलों के ताले आठ फरवरी से खुल जाएंगे। प्रदेश मंत्रिमंडल ने कक्षा छह से 12वीं तक सभी सरकारी और निजी स्कूलों को खोलने के प्रस्ताव पर मुहर लगा दी है। विद्यालय शिक्षा विभाग स्कूलों के खुलने को लेकर अलग से मानक प्रचालन प्रक्रिया जारी करेगा। मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत की अध्यक्षता में मुख्यमंत्री आवास पर शनिवार को हुई बैठक में 17 प्रस्तावों पर निर्णय हुए। बैठक के बाद शासकीय प्रवक्ता मदन कौशिक ने बताया कि प्रदेश में सिंगल यूज प्लास्टिक का उत्पादन, उसे बेचने और प्रयोग में लाने पर रोक लगा दी गई है। किसी भी तरह के हैंडल या बिना हैंडल वाले प्लास्टिक बैग के प्रयोग पर अब प्रतिबंध होगा। गौरतलब है कि ये नियम तोड़ने पर 100 रुपये जुर्माना लगेगा। वहीँ सिंगल यूज प्लास्टिक के उत्पादन पर पांच लाख, परिवहन पर तीन लाख और खुदरा व्यापार करने पर एक लाख रुपये जुर्माना लगेगा। वहीँ थर्माकोल से बने सामान के इस्तेमाल पर भी रोक लगा दी गई है। अब डिस्पोजल थाली, ग्लास व अन्य सामान प्रयोग में नहीं लाया जा सकेगा। कैबिनेट ने इसकी नियमावली को मंजूरी दे दी है।