देहरादून, पहाड़ न्यूज टीम
उत्तराखंड में जल्द ही प्रदेश की जनता को ई-एफआईआर की सुविधा मिलेगी। इसमें घर बैठे ही एफआईआर दर्ज कराई जा सकती है। प्रारंभ में वाहन चोरी और गुम हुए सामान के संबंध में ई-एफआईआर की जा सकती है। इस संबंध में उत्तराखंड के सीएम पुष्कर सिंह धामी ने सचिवालय में गृह एवं पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक की.
मुख्यमंत्री के समक्ष सीसीटीएनएस के तहत बन रहे ई-एफआईआर पोर्टल की प्रस्तुति दी गई। इस बीच सीएम धामी ने कहा कि सरलीकरण, समाधान, निस्तारण और संतुष्टि सरकार का मूल मंत्र है. व्यवस्था ऐसी होनी चाहिए कि जनता अपनी शिकायतों का समाधान सबसे आसान तरीके से कर सके।
मुख्यमंत्री ने कहा कि ई-एफआईआर से आम आदमी को काफी सुविधा होगी. एफआईआर दर्ज कराने के लिए परेशान नहीं होना पड़ेगा। उच्च अधिकारियों द्वारा ई-एफआईआर की नियमित रूप से समीक्षा की जानी चाहिए। साथ ही मुख्यमंत्री ने कहा कि पुलिसिंग में आधुनिक तकनीक के इस्तेमाल को बढ़ाने की जरूरत है. ड्रोन तकनीक का भी इस्तेमाल किया जाना चाहिए।
मुख्यमंत्री ने पुलिस प्रशिक्षण, आधुनिकीकरण और पुलिस सुधार से जुड़े विभिन्न बिन्दुओं पर बैठकें आयोजित करने के निर्देश दिये. मुख्यमंत्री ने कहा कि झूठी एफआईआर को रोकने के लिए आवश्यक प्रावधान किए जाने की जरूरत है. इस संबंध में सुझाव देने के लिए एक समिति का गठन किया जाना चाहिए।
बैठक में अपर अपर मुख्य सचिव राधा रतूड़ी, डीजीपी अशोक कुमार, विशेष प्रमुख सचिव अभिनव कुमार, एडीजी वी मुरूगेशन, आईजी बिमला गुन्ज्याल, अपर सचिव रिद्धिम अग्रवाल, सहित गृह व पुलिस विभाग के अधिकारी मौजूद थे.

