मसूरी , पहाड़ न्यूज टीम
देहरादून जिले के मसूरी हुसैनगंज में मोबाइल टावर लगाने का स्थानीय लोगों ने कड़ा विरोध किया. स्थानीय लोगों ने इसका विरोध किया और कहा कि एमडीडीए के भ्रष्ट अधिकारियों की निगरानी में इलाके में टावर फिर से लगवाए जा रहे हैं. इससे पहले भी स्थानीय लोगों ने इलाके में टावर लगाने का विरोध किया था. जिसके बाद एसडीएम ने टावर पर रोक लगा दी थी।
मामले के मुताबिक 2017 में हुसैनगंज इलाके में मोबाइल कंपनी का टावर लगाया गया था. लेकिन टावर लगाने से पहले ही स्थानीय लोगों ने विरोध करना शुरू कर दिया. जिसके बाद मसूरी एसडीएम मौके पर पहुंचे और टावर लगाने पर रोक लगा दी।

ग्रामीणों का कहना है कि मोबाइल टावर से निकलने वाली खतरनाक रेडिएशन उन्हें और उनके परिवार को खतरे में डाल सकती है. इसका वह लगातार विरोध कर रहे हैं। लेकिन एक बार फिर देहरादून मसूरी विकास प्राधिकरण द्वारा टावर लगाने की अनुमति दे दी गई है। इसे सहन नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पॉश इलाकों में मोबाइल टावर नहीं लगाए जा रहे हैं. अगर उनके इलाके में टावर लग जाता है तो इलाके के तमाम लोग इसे लेकर उग्र आंदोलन करेंगे.

