धनौल्टी , पहाड़ न्यूज टीम
टिहरी जिले के धनौल्टी विधानसभा क्षेत्र में कई स्वीकृत मोटरमार्गों का कार्य अधर में लटक गया है. जिससे गुस्साए जनप्रतिनिधि व ग्रामीण सीधे देहरादून पहुंचे और विधायक के आवास पर पहुंचे. इस दौरान जनप्रतिनिधियों ने धनौल्टी विधायक प्रीतम सिंह पंवार से मुलाकात कर लंबित सड़कों का निर्माण कार्य जल्द शुरू करने की मांग की. जिस पर विधायक ने उनकी मांगों को पूरा करने का आश्वासन दिया।
दरअसल, धनौल्टी विधानसभा क्षेत्र में कई मोटरमार्गों का निर्माण अभी तक पूरा नहीं हो पाया है. इसके अलावा कई गांवों में अब तक सड़कें नहीं बन पाई हैं। जिससे जौनपुर क्षेत्र के जिलाध्यक्ष विरेंद्र सिंह राणा, पूर्व प्रमुख जौनपुर गीता रावत समेत कई जनप्रतिनिधि सीधे देहरादून पहुंचे और विधायक प्रीतम पंवार से मुलाकात की. बैठक के दौरान उन्होंने विधायक के सामने अपने-अपने क्षेत्र की समस्याएं रखीं.
वहीं विधायक प्रीतम पंवार (धनौल्टी विधायक प्रीतम सिंह पंवार) ने लोनिवि थत्यूड़ अधिशासी अभियंता रजनीश कुमार, सहायक अभियंता मनीष कुमार, अवर अभियंता शरद कुमार को विधायक आवास पर बुलाकर जानकारी मांगी. बैठक थत्यूड़-मसराना, थत्यूड़-कैम्पटी, सुवाखोली-आग्यारना-कांडा जाख, किमोई से कांडा जाख आदि मार्गों को लेकर चर्चा हुई, जिस पर कार्यपालक अभियंता ने दो माह का समय मांगा.
लोनिवि थत्यूड़ अधिशासी अभियंता मनीष कुमार ने कहा कि स्वीकृत मोटरमार्गों का निर्माण कार्य मुआवजे से संबंधित मुद्दों के कारण रोक दिया गया है. जल्द ही उनका निपटारा कर दिया जाएगा। जिन स्थानों पर काम धीमा या ठप है, वहां संबंधित ठेकेदारों के खिलाफ 15 दिनों के भीतर नोटिस दिया जाएगा. काम शुरू नहीं होने की स्थिति में ठेकेदार के खिलाफ अग्रिम कार्रवाई भी की जाएगी।

