देहरादून: अनुशासनहीनता को लेकर एसएसपी दलीप सिंह कुंवर ने एक साथ 6 चौकी इंचार्ज को लाइन हाजिर कर दिया है. जानकारी के मुताबिक वायरलेस सेट पर मौजूद एसएसपी को कंट्रोल रूम द्वारा बार-बार लोकेशन पूछने के बाद भी कोई जवाब नहीं मिला. जिससे इन सभी चौकी प्रभारियों को लाइन में लगा दिया गया है। नया गांव चौकी प्रभारी, करनपुर, सर्किट हाउस, आईएसबीटी, जोगीवाला और इंदिरा नगर चौकी इंचार्ज को एसएसपी ने लाइन हाजिर किया है।

एसएसपी की थाना प्रभारियों को चेतावनी : एसएसपी दलीप सिंह कुंवर ने सभी थाना/पोस्ट प्रभारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि किसी भी सूरत में लापरवाही व अनुशासनहीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी. साथ ही पीड़ितों की शिकायत नहीं सुनने वाले थाना प्रभारियों के खिलाफ भी कड़ी कार्रवाई की जाएगी. सभी थाना/चौकी प्रभारी को पीक आवर्स के दौरान अपने-अपने थाना/चौकी क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले यातायात तनावग्रस्त क्षेत्रों में मौजूद रहकर यातायात व्यवस्था का सुचारू संचालन सुनिश्चित करने के निर्देश एसएसपी ने दिए हैं.
बता दें कि एसएसपी दलीप सिंह कुंवर ने सभी थाना प्रभारियों और चौकी प्रभारियों को स्पष्ट निर्देश दिए थे कि पीक आवर्स में देहरादून की ट्रैफिक व्यवस्था ठीक से रखी जाए. उन्होंने थाना प्रभारी व चौकी प्रभारी को स्वयं उपस्थित होकर यातायात संचालित करने का निर्देश दिया था, लेकिन कंट्रोल रूम द्वारा बार-बार लोकेशन पूछने पर वायरलेस सेट पर प्रतिक्रिया नहीं देने के कारण एसएसपी ने 6 चौकी प्रभारियों को लाइन हाजिर कर दिया ।

