टिहरी गढ़वाल : उत्तराखंड में रुक-रुक कर बारिश हो रही है. बारिश से जहां प्रमुख सड़कों पर भूस्खलन हो रहा है, वहीं दूसरी ओर लोगों को मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है. ऐसी ही एक तस्वीर टिहरी जिले से सामने आई है, जहां चंबा उत्तरकाशी राष्ट्रीय राजमार्ग-94 पर चट्टान गिरने से राज्य के कैबिनेट मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल को परेशानी का सामना करना पड़ा. प्रेमचंद अग्रवाल अपने लव-लश्कर के साथ पैदल ही भूस्खलन क्षेत्र को पार करते दिखे।

गौरतलब है कि हाईवे पर भूस्खलन के कारण कैबिनेट मंत्री को परेशानी का सामना करना पड़ा था. बीते दिन नगर विकास मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल ने नगर पालिका चंबा में आयोजित ‘हर घर तिरंगा’ अभियान में हिस्सा लिया, जिसके बाद वे उत्तरकाशी के चिन्यालीसौड़ के लिए रवाना हो गए.

चिन्यालीसौड़ उत्तरकाशी के लिए निकलते समय कण्डीसौड़ से आगे खांडगांव के पास भूस्खलन के कारण उन्हें पैदल ही सड़क पार करनी पड़ी। सड़क पर हर मौसम में काम चल रहा है, वहीं ठेकेदार की लापरवाही का खामियाजा लोगों को भुगतना पड़ रहा है.

आपको बता दें कि राज्य में बारिश का दौर जारी है। बारिश के कारण भूस्खलन, संवेदनशील स्थानों पर चट्टानें गिरने से सड़कें अवरूद्ध हो रही हैं, जिससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. इसके अलावा कहीं-कहीं नालों और नदियों के जलस्तर में वृद्धि तो हो ही रही है, साथ ही निचले इलाकों में जलभराव की समस्या भी पैदा हो गई है.