देहरादून : राजधानी में इन दिनों डेंगू तेजी से फैल रहा है. देहरादून में अब तक 9 मरीजों में डेंगू की पुष्टि हो चुकी है। इनमें से 2 डेंगू के मरीज एम्स ऋषिकेश में भर्ती हैं। दोनों मरीज ऋषिकेश के चंद्रेश्वर नगर चंद्रभागा के रहने वाले हैं। स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक दोनों मरीजों की हालत सामान्य है. जबकि अन्य मरीज स्वस्थ हो चुके हैं।

देहरादून जिला वेक्टर जनित रोग नियंत्रण अधिकारी सुभाष जोशी ने कहा कि डेंगू के मरीजों के क्षेत्रों में प्रभावी निरोधात्मक कार्रवाई और प्रचार प्रसार किया जा रहा है. डेंगू नियंत्रण एवं रोकथाम के लिए नगर निगम व स्वास्थ्य विभाग की टीमें मच्छर प्रभावित क्षेत्रों में लगातार फॉगिंग कर रही हैं।

प्रभारी सचिव स्वास्थ्य विभाग डॉ आर राजेश कुमार ने लोगों से अनुरोध किया है कि डेंगू के संक्रमण का दौर मानसून से लेकर करीब अक्टूबर तक रहता है. इस दौरान लोगों को सतर्क और सावधान रहने की जरूरत है। अपने आसपास मच्छरों को पनपने न दें और उनसे बचाव के लिए सावधानी बरतें।

उत्तराखंड में डेंगू पर पूरी तरह काबू पाने के लिए स्वास्थ्य विभाग लगातार प्रयास कर रहा है. अभी तक पूरे राज्य में डेंगू के 19 मरीज मिल चुके हैं। राहत की बात यह है कि अभी तक डेंगू से किसी की मौत की खबर नहीं है। डेंगू बढ़ने की आशंका को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने अस्पतालों के डेंगू आइसोलेशन वार्ड में मरीजों के लिए बेड रिजर्व कर दिए हैं। इसके अलावा दवाओं की उपलब्धता और जांच की सुविधा भी सुनिश्चित की गई है।