विकासनगर : 30 व 31 अगस्त को लगने वाले जागड़ा मेला की तैयारियों को हनोल महासू देवता मंदिर समिति की बैठक में अंतिम रूप दिया गया. इसके साथ ही मेला समिति अध्यक्ष व एसडीएम ने मंदिर परिसर में मेले की तैयारियों के संबंध में चल रहे कार्यों का निरीक्षण किया.

रविवार को हनोल में हुई बैठक में लोक निर्माण विभाग, ऊर्जा निगम, स्वास्थ्य विभाग, जल संस्थान, पुरातत्व विभाग, पर्यटन विभाग, पुलिस प्रशासन समेत दर्जन भर विभागों के अधिकारी शामिल हुए. एसडीएम सौरभ असवाल ने बताया कि बरसात के मौसम को देखते हुए इस बार मेला स्थल पर वाटरप्रूफ टेंट की व्यवस्था की जाएगी.
मंदिर की साज-सज्जा, भोजन व्यवस्था, स्ट्रीट लाइटिंग, पार्किंग व्यवस्था के लिए समितियों का गठन किया गया। उन्होंने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को त्यूणी-मोरी मोटर मार्ग पर पड़े मलवे को हटाने और पीपल पार्क के पास पार्किंग की व्यवस्था करने के निर्देश दिए. जबकि ग्रामीण विकास विभाग को ब्यूलाड़ रोड, पीएमजीएसवाई को चातरा रोड पर वैकल्पिक पार्किंग व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए. पुलिस को मंदिर परिसर समेत मेला स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने, सीसीटीवी कैमरे लगाने को कहा गया.
बैठक में मेले में आने वाले 20 हजार श्रद्धालुओं के लिए सभी व्यवस्थाओं पर मंथन किया गया. एसडीएम ने बताया कि मेले के दौरान भंडारा के लिए मानव उत्थान सेवा समिति द्वारा राशन व अन्य सामग्री उपलब्ध कराई जाएगी. बैठक के बाद एसडीएम ने मंदिर परिसर और मेला स्थल पर चल रहे कार्यों का निरीक्षण किया और संबंधित विभागों को सभी कार्यों को जल्द से जल्द पूरा करने का निर्देश दिया.
बैठक में मंदिर समिति सचिव मोहन लाल सेमवाल, कोषाध्यक्ष आरएस रावत, वजीर दीवान सिंह, दीवान सिंह, जयपाल सिंह पंवार, तहसीलदार जितेंद्र सिंह नेगी, थानाध्यक्ष आशीष रवियान, प्रभारी चिकित्साधिकारी डा. नरेंद्र राणा, एसडीओ लोनिवि एसएस नेगी, संपूर्णानंद सेमवाल, आशीष कुमार, सुरेश जिनाटा, श्याम सिंह तोमर, आरएस रावत, सीआर राजगुरु, जितेंद्र चौहान, राजेश नौटियाल, मदन चंद नौटियाल, जितेंद्र चौहान, राजाराम शर्मा आदि शामिल हुए।

