इस्लामाबाद: शनिवार को पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान पर इस्लामाबाद की एक रैली में पुलिस, न्यायपालिका और अन्य सरकारी संस्थानों को धमकाने के लिए आतंकवाद विरोधी अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। इस संबंध में जानकारी रविवार को सामने आई। इससे पहले, पाकिस्तान के आंतरिक मंत्री राणा सनाउल्लाह ने रविवार को कहा कि सरकार पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान के खिलाफ सरकारी संस्थानों को धमकी देने और रैली में भड़काऊ बयान देने के लिए मामला दर्ज करने पर विचार कर रही है ।

शनिवार रात 10 बजे इस्लामाबाद के मारगल्ला पुलिस थाने में खान के खिलाफ आतंकवाद निरोधक कानून की धारा 7 के तहत मामला दर्ज किया गया. इसने कहा कि खान के भाषण ने पुलिस, न्यायाधीशों और देश में भय और अनिश्चितता की स्थिति पैदा कर दी। शनिवार को यहां एक जनसभा को संबोधित करते हुए इमरान खान ने शीर्ष पुलिस अधिकारियों, एक महिला मजिस्ट्रेट, पाकिस्तान के चुनाव आयोग और राजनीतिक विरोधियों के खिलाफ मामला दर्ज करने की धमकी दी थी।
उन्होंने यह चेतावनी अपने सहयोगी शाहबाज गिल के साथ व्यवहार को लेकर दी थी, जिन्हें पिछले हफ्ते देशद्रोह के आरोप में गिरफ्तार किया गया था। सनाउल्लाह ने आरोप लगाया कि पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (पीटीआई) पार्टी प्रमुख अपने भाषणों में सेना और अन्य संस्थानों को निशाना बना रहे हैं और अपने अभियान को जारी रखा है।
उन्होंने कहा कि गृह मंत्रालय ने खान के नए भाषण पर एक रिपोर्ट तैयार की है और अगले कुछ दिनों में इस संबंध में अंतिम निर्णय लेने से पहले महाधिवक्ता और कानून मंत्रालय से परामर्श कर रहा है। इससे पहले, पाकिस्तान में मीडिया प्रहरी ने तत्काल प्रभाव से सभी सैटेलाइट टेलीविजन चैनलों पर पूर्व प्रधानमंत्री खान के भाषणों के लाइव प्रसारण पर प्रतिबंध लगा दिया था।
पाकिस्तान इलेक्ट्रॉनिक मीडिया रेगुलेटरी अथॉरिटी (पेमरा) ने शनिवार को एक विज्ञप्ति में कहा कि टेलीविजन चैनल बार-बार चेतावनी के बावजूद सरकारी प्रतिष्ठानों के खिलाफ सामग्री का प्रसारण रोकने में विफल रहे हैं। यह देखा गया है कि पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (पीटीआई) पार्टी के अध्यक्ष इमरान खान अपने भाषणों/बयानों में लगातार सरकारी प्रतिष्ठानों पर बेबुनियाद आरोप लगा रहे हैं और भड़काऊ बयानों के जरिए नफरत भरे भाषणों का प्रचार कर रहे हैं। जिससे कानून-व्यवस्था की स्थिति को बनाए रखना मुश्किल हो सकता है और सार्वजनिक शांति भंग होने की संभावना है।
नियामक ने कहा कि खान के भाषण संविधान के अनुच्छेद 19 का उल्लंघन और मीडिया की आचार संहिता के खिलाफ थे। पार्टी ने पीटीआई अध्यक्ष पर लगाए गए प्रतिबंधों पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री शाहबाज शरीफ की सरकार फासीवादी सरकार है। इस बीच, खान ने रविवार रात रावलपिंडी के लियाकत बाग मैदान में एक रैली को संबोधित किया। पेमरा पर अपने भाषणों के प्रसारण पर प्रतिबंध के बारे में खान ने कहा, ‘अब पेमरा भी इस खेल में शामिल है। इमरान खान ने क्या किया है? मेरा गुनाह सिर्फ इतना है कि मैं इस आयातित सरकार को स्वीकार नहीं कर रहा हूं।

